
हाइलाइट्स
राजस्थान परिवहन विभाग की बड़ी तैयारी
राजस्थान में तीन गुना हुई EV वाहनों की बिक्री
चार्जिंग स्टेशन के लिए रील कंपनी से अनुबंध फाइनल स्टेज पर
जयपुर. महंगे पेट्रोल और डीजल के चलते अब राजस्थान में इलेक्ट्रिक वाहनों (Electric vehicles) की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है. लोगों का रूझान अब इलेक्ट्रिक व्हीकल की तरफ बढ़ने लगा है. इसमें फोर व्हीलर और टू व्हीलर दोनों शामिल हैं. बढ़ते EV वाहनों के कारण अब ज्यादा चार्जिंग स्टेशन (Charging station) की जरूरत पड़ने लगी है और उसका समाधान परिवहन मंत्रालय ने निकाल लिया है. राजस्थान में अब जल्द ही 250 फास्ट चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे.
राजस्थान में जुलाई 2021 में सिर्फ कुल 2 हजार 202 इलेक्ट्रिक वाहन खरीदे गए थे. जबकि उसी साल दिसंबर महीने में 3 हजार 866 वाहनों की खरीद हुई. जुलाई 2022 में इलेक्ट्रिक व्हीकल बिक्री लगभग दोगुनी हो गई थी. राजस्थान में कुल 6 हजार 698 इलेक्ट्रिक वाहन बेचे गए. अब 2023 में ये संख्या तीन गुणा पहुंच चुकी है. यानि सिर्फ तीन साल में EV वाहनों में जबरदस्त इजाफा हुआ है. अब चूंकि EV वाहनों की गिनती बढ़ रही है तो उसके अनुपात में चार्जिंग स्टेशनों की भी जरूरत पड़ने लग गई है.
रील कंपनी को दिया गया है ऑफर
कम चार्जिंग स्टेशन होने के कारण वाहनों की भीड़ लगेगी. वाहनों को चार्ज होने में वक्त भी लगता है. लिहाजा परिवहन मंत्रालय ने इसके लिए रील नाम की कंपनी को ऑफर दिया है. इससे अनुबंध लगभग फाइनल है. अनुबंध में तय किया गया है कि रील पूरे प्रदेश में 250 चार्जिंग स्टेशन लगाएगी. सबसे ज्यादा राजधानी जयपुर में ये स्टेशन लगाए जाएंगे. हालांकि अभी ये तय नहीं हुआ है कि कौनसे जिले में कितने स्टेशन लगाए जाएंगे. लेकिन जल्द ही ये आंकड़ा भी सामने आ जाएगा.
कर्नाटक में देश में सबसे ज्यादा ईवी चार्जिंग स्टेशन हैं
परिवहन आयुक्त केएल स्वामी ने एक कमेटी गठित की है. यह कमेटी हर जिले में वाहनों की संख्या के हिसाब से चार्जिंग स्टेशन की रिपोर्ट तैयार करेगी. नए चार्जिंग स्टेशन महज 1 घंटे में 80 फीसदी तक इलेक्ट्रिक वाहन को चार्ज कर सकते हैं. फिलहाल भारतभर में कर्नाटक में देश में सबसे अधिक ईवी चार्जिंग स्टेशन हैं. उनकी संख्या 774 है. इसके बाद महाराष्ट्र में 660, दिल्ली में 539 और तमिलनाडु में 442 स्टेशन हैं.
चार्जिंग स्टेशनों की संख्या में और भी इजाफा होगा
राजस्थान में भी अब EV के आंकड़े बढ़ने लगे हैं. आने वाले समय में चार्जिंग स्टेशनों की संख्या में और भी इजाफा होगा. अब वो लोग भी EV खरीद सकते हैं जो इस पशोपेश में थे कि वाहन को चार्ज कहां करवाएंगे. अब जल्द ही सभी जिलों में चार्जिंग प्वांइट आसानी से मिल सकेंगे. ईवी वाहन चालकों को भी बड़ी बेसब्री से इनका इतंजार था। अब जल्द ही उनका यें इंतजार खत्म होने वाला है.
.
Tags: Electric Vehicles, Jaipur news, Rajasthan news, Transport department
FIRST PUBLISHED : June 28, 2023, 09:00 IST






