
मंडी. माता-पिता के साथ मेलों में चूड़ियां बेचकर अपनी पढ़ाई पूरी की. अब संगीता ने असिस्टेंट प्रोफेसर बनकर यह साबित कर दिया कि मेहनत से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है. कामयाबी की यह कहानी है मंडी जिला के द्रंग विधानसभा क्षेत्र के शिवाबदार की रहने वाली संगीता की है. संगीता अब हिंदी विषय की असिस्टेंट प्रोफेसर बनी हैं.
असिस्टेंट प्रोफेसर बनने के बाद अपने घर पहुंची संगीता का परिजनों और गांव वालों ने जोरदार और भव्य स्वागत किया. संगीता ने बताया कि उसकी 12वीं तक की पढ़ाई शिवाबदार स्कूल से हुई. इसके बाद डिग्री कॉलेज कुल्लू से ग्रेजुएशन की. एमए और एमफिल की पढ़ाई हिमाचल प्रदेश यूनिवर्सिटी (एचपीयू) शिमला से की. मौजूदा समय में अब संगीता हिंदी में पीएचडी कर रही हैं. संगीता ने नवंबर 2022 में परीक्षा दी थी और 23 जून 2023 को परिणाम आया, जिसमें संगीता असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयनित हुई हैं.
मेलों में बेचती थी चूड़ियां और खिलौने, पिता जूझ रहे कैंसर से
संगीता ने बताया कि वो एक गरीब परिवार से सम्बन्ध रखती हैं. पिता हरबंश लाल ग्रामीण रोजगार सेवक के पद पर कार्यरत हैं और अभी हाल ही में नियमित हुए हैं. इससे पहले, इस पद पर उन्हें नाममात्र का ही वेतन मिलता था. माता सुरती देवी गृहणी हैं. एक छोटी बहन है जिसकी शादी हो चुकी है और छोटा भाई बीटेक कर चुका है. माता-पिता घर चलाने के लिए मेलों में चूड़ियां और खिलौने बेचा करते थे और मैं भी इस काम में उनका पूरा साथ देती थी. ग्रेजुएशन की पढ़ाई तक मेलों में चूड़ियां और खिलौने बेचने का काम किया. कभी इस काम को लेकर शर्म महसूस नहीं की. फिर शिमला चली गई और पिताजी बीमार पड़ गए तो यह काम बंद करना पड़ा. अब पिताजी कैंसर की बीमारी से जूझ रहे हैं.
शिक्षक या रिपोर्टर बनने का था सपना
संगीता ने बताया कि उसका शिक्षक या रिपोर्टर बनने का सपना था. वो दोनों दिशा में अपने प्रयास शुरू किए हुए थी. दूरदर्शन शिमला में एंकरिंग का कार्य भी कुछ समय से कर रही थी और शिक्षक बनने की तैयारी भी चली हुई थी. अगर शिक्षक न बनती तो रिपोर्टर बन जाती. अभी भी संगीता सोशल मीडिया पर एक पेज का संचालन कर रही है, जिसके माध्यम से वो यहां की संस्कृति को प्रमोट करने का प्रयास करती है.
बेटी की कामयाबी से परिवार गदगद
बेटी की कामयाबी से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है. पिता हरबंश लाल, माता सुरती देवी, भाई-बहन और सभी रिश्तेदारों सहित विधायक पूर्ण चंद ठाकुर, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पूर्व विधायक जवाहर ठाकुर, जिला परिषद इंद्रा देवी, प्रधान खेम चंद, निहाल चंद और गोबिंद राम ने संगीता को इस कामयाबी के लिए बधाई दी है.
.
Tags: Himachal pradesh, Himachal Pradesh News Today, Mandi City, Shimla News Today, Upsc exam result
FIRST PUBLISHED : June 28, 2023, 06:34 IST





