Hyundai venue launched with adas in taiwan new colours design and engine update complete details – News18 हिंदी


हाइलाइट्स

हुंडई वेन्यू के नए माॅडल को ताइवान में लाॅन्च किया गया है.
यह कार ADAS तकनीक के साथ पेश की गई है.
कार के डिजाइन और फीचर्स को भी अपडेट किया गया है.

नई दिल्ली. हुंडई ने जून 2022 में अपनी बेस्ट सेलिंग वेन्यू एसयूवी को नए अवतार में लॉन्च किया था. कंपनी कई देशों में वेन्यू की बिक्री कर रही है. भारत के साथ ही यह 7-सीटर कार विदेशों में भी खूब पंसद की जा रही है. हाल ही में कंपनी ने इसके नए मॉडल को अपडेटेड फीचर्स और डिजाइन के साथ ताइवान के बाजार में लॉन्च किया है. कंपनी ने नई वेन्यू में ADAS (एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) का अपडेट दिया है जिससे कार की सेफ्टी बढ़ गई है.

कोरियाई कार निर्माता हुंडई अपनी कारों में ADAS तकनीक को हुंडई स्मार्टसेंस टेक्नोलॉजी के नाम से पेश करती है. यह तकनीक हुंडई की कारों में कुछ खास सेफ्टी फीचर्स ऑफर करता है, जिसमें पेडेस्ट्रियन वार्निंग, फ्रंट कोलिजन वार्निंग, लेन कीप असिस्ट, लेन डिपार्चर असिस्ट, फॉरवर्ड एक्टिव ब्रेक असिस्ट, इंटेलिजेंट हाई एंड लो बीम असिस्टेंस, ड्राइवर फटीग वार्निंग सिस्टम जैसे कई फीचर्स शामिल हैं. कुल मिलाकर हुंडई वेन्यू का नया मॉडल अब पहले से ज्यादा सेफ हो गया है. हालांकि, ADAS फीचर का अपडेट केवल ताइवान के बाजार के लिए है, भारत में बिकने वाले मॉडलों में इस फीचर का अपडेट नहीं दिया जा रहा है.

मिल रहे हैं 6 ड्राइविंग मोड
ताइवान में लॉन्च हुई नई हुंडई वेन्यू को दो नए एक्सटीरियर रंगों में लाया गया है, जिसमें ऑक्सफोर्ड ग्रे और लंदन रेड शामिल हैं. इसके अलावा अब यह कार 6 ड्राइविंग मोड- नार्मल, ईको, स्पोर्ट, स्नो, मड और सैंड के साथ आ रही है. कंपनी इस एसयूवी में 17-इंच के अलॉय व्हील्स दे रही है, वहीं इसमें मिलने वाले टायर वेन्यू के इंडियन मॉडल से अधिक चौड़े हैं.

इसके अलावा, कंपनी ने वेन्यू के इंटीरियर को भी पूरी तरह अपडेट कर दिया है. कार के अंदर रिफ्रेश अपहोल्स्ट्री मिलती है जिसमें सीट डिजाइन, डैशबोर्ड लेआउट और कंट्रोल नॉब्स के साथ कई चीजों को अपडेट किया गया है. नई वेन्यू में 8-इंच का फुल डिजिटल टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 3.5 इंच का ड्राइवर डिस्प्ले दिया जा रहा है.

इंजन और परफॉर्मेंस
हुंडई वेन्यू के ताइवानी मॉडल को कंपनी 1.6-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन में पेश करती है. यह इंजन 8-स्पीड iVT गियरबॉक्स के साथ 120 बीएचपी की अधिकतम पॉवर और 154 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है. वहीं, भारत में हुंडई वेन्यू तीन इंजन ऑप्शन 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल, 1.2 लीटर पेट्रोल और 1.5 लीटर टर्बो डीजल इंजन में आती है.

भारत में हुंडई वेन्यू की कीमत एंट्री लेवल वेरिएंट के लिए 7.70 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप वेरिएंट SX(O) के लिए 13.13 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है.

Tags: Auto News, Cars, Hyundai, Hyundai Venue, SUV

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More