
मंडी: जैसे ही मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ती है, खासकर दिल्ली-चंडीगढ़ और इसके आसपास के इलाकों में, तो पहाड़ों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनने लगती है. इस बार भी चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गाड़ियों की कई किमी लंबी कतारें लग गई हैं. करीब 24 घंटे तक बंद रहने के बाद चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग खुला तो लेकिन हिमाचल प्रदेश आने वाले पर्यटकों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं. बताया जा रहा है कि दरेड़ नाला में पांगी-किल्लार राजमार्ग (एसएच-26) सहित कई मुख्य सड़कें भूस्खलन के कारण बंद हो गई हैं.
रविवार की शाम को चंडीगढ़-मनाली राजमार्ग के अवरुद्ध हो जाने की वजह से मंडी जिले में पर्यटकों सहित सैकड़ों यात्री फंस गए थे. यही नहीं अचानक आई बाढ़ के कारण मंडी शहर से करीब 40 किमी दूर ओट के पास खोतीनल्ला में 70 किमी लंबा मंडी-पंडोह-कुल्लू राजमार्ग बंद पड़ गया और भूस्खलन के बाद मंडी-पंडोह खंड पर भी आवाजाही नहीं हो रही थी.
मौसम विभाग ने कहा, अभी ऐसे ही रहेंगे हालात
भारतीय मौसम विभाग की मानें तो आने वाले 24 घंटे ऐसे ही हालात रहने हैं. मौसम विभाग ने राज्य के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की और मध्यम बारिश जारी है. मौसम विभाग ने 28 और 29 जून को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने, वहीं 30 जून और 1 जुलाई को तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.
भारी बारिश के चलते राज्य में 301 सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि 140 से ज्यादा बिजली ट्रांसफॉर्मर पर असर पड़ा है. भारी बारिश के कारण इलाके में बाढ़ की स्थिति बन गई थी. बारिश से जुड़ी घटनाओं जैसे भूस्खलन और डूबने की वजह से अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है. राज्य आपातकालीन ऑपरेशन सेंटर के साझा किए हुए डाटा के मुताबिक राज्य को बारिश की वजह से करीब 102 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है. जिसमें सबसे ज्यादा नुकसान जल शक्ति विभाग को (73.68 करोड़) और फिर लोक निर्माण विभाग को (27.79 करोड़) नुकसान पहुंचा.
ये भी पढ़ें- Weather Update: दिल्ली-मुंबई में झमाझम बरसे बादल, UP के इन जिलों में अलर्ट, उत्तराखंड में बारिश बनी मुसीबत
पर्यटकों के लिए एडवाइजरी
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम ने पर्यटकों के लिए गाइडलाइन जारी की है. अपने बयान में निगम अध्यक्ष आर. एस. बाली ने पर्यटकों को मोबाइल फोन पर हमेशा जीपीएस लोकेशन चालू रखने, निर्देशित मार्गों से ही यात्रा करने और मौसम की जानकारी लेते रहने और गाड़ी धीमी चलाने का परामर्श दिया है. उन्होंने कहा कि पर्यटकों को लापरवाही से गाड़ी चलाने से बचना चाहिए और पहाड़ों की गरिमा बनाए रखते हुए यात्रा का आनंद लेना चाहिए.
वहीं सहायक पुलिस महानिरीक्षक (यातायात, पर्यटन और रेलवे) ने लोगों को सलाह देते हुए उन्हें पानी से जुड़ी गतिविधियों से दूर रहने को कहा है. उन्होंने कहा कि, यात्रियों और आम जनता को यह सलाह दी जाती है कि वो नदी के किनारे या ऐसी जगह जहां भूस्खलन की आशंका हो, वहां से दूर रहें और वहां जाने से बचें.
एक स्थानीय रिपोर्ट में जारी किए गए परामर्श के हवाले से कहा गया है कि सार्वजनिक वाहन चालकों को सावधानी से गाड़ी चलाने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और सड़क निर्माण स्थलों पर बगैर जरूरत के रुकने से बचने को कहा गया है. इसके साथ ही किसी भी तरह की मुश्किल होने पर लोगों को आपातकालीन नंबर 112/1077 डायल करने और स्थानीय पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई है.
.
Tags: Flood alert, Himachal pradesh news, Landslides, Tourists
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 14:15 IST






