
भोपाल. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से 5 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई. इनमें से रानी कमलापति-जबलपुर और रानी कमलापति-इंदौर ट्रेन यहीं से रवाना हुईं. बाकी तीन को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई. प्रधानमंत्री ने जिन पांच ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई है, उनमें रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, रानी कमलापति-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस, मडगांव (गोवा)-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस, धारवाड़-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस और हटिया-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं. ये पहला मौका है जब एक साथ एक दिन में 5 वंदे भारत ट्रेन शुरू की जा रही हैं. ट्रेनों के शुभारंभ के मौके पर प्रधानमंत्री ने स्कूली बच्चों से बात की और फिर मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम में आए देश भर से यहां आए 3 हजार बूथ कार्यकर्ताओं सहित देश के 10 लाख कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. यहां नजर डालते हैं पीएम मोदी के भाषण की 10 प्रमुख बातों पर.
1- ऐसी ऊर्जावान धरती पर मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम का हिस्सा बनने में मुझे ह्रदय से आनंद आ रहा है. गौरव महसूस हो रहा है. अच्छा लग रहा है. मुझे देश के 6 राज्यों को जोड़ने वाली 5 वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने का मौका भी मिला है. एमपी को बधाई दूंगा कि यहां के भाई बहनों को एक साथ दो वंदे भारत का तोहफा मिला है. इससे सफर तेज, आसान, आधुनिक और सुविधा संपन्न होगा.
2-भाजपा की सबसे बड़ी ताकत आप सभी कार्यकर्ता हैं. मैं नड्डाजी का और भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय, राज्यों और मध्य प्रदेश के नेतृत्व का ह्रदय से अभिनंदन करता हूं इस कार्यक्रम की संरचना के लिए. मुझे एक साथ 10 लाख कार्यकर्ताओं से संवाद का अवसर मिला. इतिहास में किसी भी राजनीतिक दल का इतना बड़ा कार्यक्रम नहीं हुआ होगा.
3-पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा- साथियों आप सिर्फ बीजेपी ही नहीं, आप सभी दल ही नहीं, देश के संकल्पों की सिद्धि के भी मजबूत सिपाही हैं. भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए देशहित सर्वोपरि है. दल से बड़ा देश है. जहां दल से बड़ा देश हो ऐसे कर्मठ कार्यकर्ताओं से बात करने का मेरे लिए भी एक मंगल अवसर है. मैं भी बहुत उत्सुक हूं.
4-बीजेपी के मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम ने उनके सवालों के जवाब भी दिए. दमोह के राम पटेल के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा- जो बूथ होता है वो बहुत बड़ी इकाई है. हमें कभी भी बूथ की इस इकाई को छोटा नहीं समझना चाहिए. हमें अपने बूथ में राजनीतिक कार्यकर्ता से भी ऊपर उठकर सामाजिक कार्यकर्ता के सुख-दुख के साथी के रूप में अपनी पहचान बनाना चाहिए. जमीन से जुड़कर फीडबैक महत्वपूर्ण है. मुख्यमंत्री कोई नीति बनाता है तो समझ लीजिए कि बूथ कार्यकर्ता की बात सरकार तक पहुंच गयी है.
4-हम एसी में बैठक फतवे निकालने वाले नेता नहीं हैं. हम गर्मी,बारिश कड़कड़ाती ठंड हर मौसम में जनता के बीच जाकर खुद को खपाने वाले लोग हैं. इसलिए बूथ का मजबूत होना स्वाभाविक है. अगर ये बूथ कमेटी नहीं होती तो शायद उज्जवला योजना का विचार ही नहीं आता. गांव से कार्यकर्ताओं ने उज्जवला गैस योजना के बारे में बताया और उसके आधार पर नीति बन गयी. गांव में हर गरीब के घर गैस पहुंच गयी. भाजपा की पहचान सेवाधारी की होना चाहिए. बूथ में रोज आंदोलन नहीं हो सकता. जो बातें लोगों को छोटी लगती हैं वो छोटी नहीं होतीं. बहुत काम की होती हैं.
5-प्रधानंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं से कहा बूथ के अंदर सेवा भाव की जरूरत है. अपने इलाके के लोगों के लिए बूथ में फर्स्ट एड बॉक्स से लेकर अखबार और परेशान होते किसान के लिए यूरिया उपलब्ध कराने के तरीकों पर गौर करें. आंगनवाड़ी में बच्चों को खाद्य पोषण आहार और गरीब बच्चों के लिए किताबें उपलब्ध कराएं. इन सामाजिक सरोकारों से खुद जुड़ें. जनता अपने आप आपसे जुड़ेगी.
6–पीएम मोदी ने कहा 2047 में जब हमारी आजादी के 100 साल होंगे. हम भारत को विकसित करना चाहते हैं. भारत तभी विकसित होगा जब गांव का विकास होगा. हमें अपनी पंचायत, गांव, कस्बे शहर को मजबूत बनाना है. छोटे-छोटे प्रयास ही बड़ा असर दिखा सकते हैं.
7-प्रधानमंत्री मोदी ने तीन तलाक के मुद्दे पर कहा जो भी तीन तलाक के पक्ष में बात करते हैं. वकालत करते हैं. वो मुस्लिम समाज के साथ बहुत बड़ा अन्याय कर रहे हैं. तीन तलाक से लोग समझते हैं कि सिर्फ महिलाओं के लिए बात कर रहे हैं. लेकिन दायरा उससे भी बहुत बड़ा है. इस तीन तलाक से पूरा परिवार प्रभावित होता है. पीएम ने कहा अगर तीन तलाक इस्लाम का जरूरी अंग है तो पाकिस्तान, कतर, इंडोनिशिया, बांग्लादेश, सीरिया में क्यों बंद कर दिया गया.
8-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्षी एकजुटता पर तंज कसा कि इन पर गुस्सा नहीं दया कीजिए. 2014 और 2019 का चुनाव में सारे घुर विरोधियों में इतनी छटपटाहट नहीं दिखी जितनी आज दिखी. जो लोग पहले जिन्हें अपना दुश्मन मानते थे. पानी पी पी कर कोसते थे. गालियां देते थे. आज उनके सामने साष्टांग प्रणाम कर रहे हैं. ये उनकी मजबूरी है. उनकी घबराहट से साफ है कि 2024 में जनता ने भाजपा को जिताने का मन बना लिया है. उन्होंने कहा ये दल बार बार गारंटी शब्द इस्तेमाल कर रहे हैं. ये सभी घोटालों और भ्रष्टाचार की गारंटी हैं.
9-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परिवारवाद और भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए सीधे सीधे गांधी और बाकी नेताओं के नाम लिए और उनके दलों के भ्रष्टाचार का जिक्र किया. उन्होंने तंज कसा कि आपको गांधी परिवार, लालू परिवार, मुलायम परिवार, शरद पंवार, अब्दुला परिवार, करुणानिधि परिवार या चंद्रशेखर परिवार के बेटे बेटियों का विकास देखना है तो इन दलों को वोट दीजिए. मेरी बात ध्यान से सुनिएगा – अगर आपको अगर अपने बेटे बेटी, अपने पोते-पोती, नाती नातिन का परिवार के बच्चों का भला करना है तो भाजपा को वोट दीजिए.
10-10-प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूनिफॉर्म कॉमन सिविल कोड पर कहा- लोगों को समझना होगा कि कौन से दल उन्हें भड़काकर उनका फायदा उठा रहे हैं. अगर घर के हर सदस्य के लिए अलग कानून हो तो क्या परिवार चल पाएगा. फिर देश कैसे चल पाएगा. भारतीय संविधान में नागरिकों के समान अधिकार की बात कही गयी है. जो दल मुसलमानों के सही मायने में हितैशी होते तो मुस्लिम भाई बहन शिक्षा-रोजगार में पीछे नहीं रहते.
.
Tags: BJP Campaign, Bjp madhya pradesh, Madhya pradesh latest news, Pm modi laterst news
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 14:04 IST






