
नकुल कुमार/पूर्वी चम्पारण. रणधीर वर्मा अंडर-19 अंतर जिला क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए बीसीए जोनल चयन समिति के द्वारा 17 सदस्यीय वेस्टर्न जोन टीम का चयन किया गया. इस टीम में पूर्वी चम्पारण जिला के भी 6 खिलाड़ियों को जगह मिली है. बीसीए टूर्नामेंट कमेटी के कन्वेनर सह इसीडीसीए सचिव ज्ञानेश्वर गौतम के हवाले से मीडिया प्रभारी प्रीतेश रंजन ने बताया कि हाल ही में आयोजित अंतर जिला अंडर-19 रणधीर वर्मा क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मैचों में किए गए प्रदर्शन के आधार पर बीसीए जोनल चयन समिति ने 17 सदस्यीय वेस्टर्न जोन टीम की सूची जारी की है.
पूर्वी चंपारण के 6 खिलाड़ी सेलेक्ट
मीडिया प्रभारी प्रीतेश रंजन ने बताया कि टीम में पूर्वी चम्पारण जिले के छह खिलाड़ियों को जगह मिली है. पूर्वी चम्पारण के उभरते हरफनमौला खिलाड़ी आशुतोष पांडेय को टीम की कमान सौंपी गई है, वहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में अमन राज का चयन किया गया है. इसके अलावा वरुण कुमार और शिवम कुमार सिंह को बतौर सलामी बल्लेबाज टीम में जगह मिली है, जबकि तेज गेंदबाज उत्तम कुमार व आयुष कुमार सिंह को भी टीम में जगह दी गई है.
बिहार टीम में शामिल होने का है मौका
मीडिया प्रभारी श्री रंजन ने बताया कि बीसीए के अंतर्गत जल्द ही शुरू होने वाले रणधीर वर्मा अंतर जिला क्रिकेट टूर्नामेंट के सुपर लीग मुकाबले में यह वेस्टर्न जोन क्रिकेट टीम भाग लेगी. इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी बिहार टीम में चयन के लिए अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं. इस मौके पर इसीडीसीए अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष अभिषेक कुमार ठाकुर, बीसीए टूर्नामेंट कमेटी के कन्वेनर सह इसीडीसीए सचिव ज्ञानेश्वर गौतम, एनसीए लेवेल ए कोच सह कोषाध्यक्ष मनोज कनौजिया, जिला चयन समिति सदस्य रामप्रकाश सिन्हा, प्रशिक्षक अभिषेक कुमार ने वेस्टर्न जोन टीम में चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी है.
.
Tags: Bihar News, East champaran, Latest hindi news, Local18
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 14:00 IST






