सागर में मानसून की धमाकेदार एंट्री, अगले 48 घंटों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी

अनुज गौतम/सागर. सागर सहित पूरे बुंदेलखंड में मानसून की धमाकेदार एंट्री हुई है. पिछले 2 दिनों से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 2 दिनों तक बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहने का अनुमान है. पूरे प्रदेश में मानसूनी बारिश हो रही है. सागर में रविवार की दोपहर से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला लगातार जारी है. दोपहर में हुई बूंदाबांदी शाम को रिमझिम और रात में झमाझम बारिश में बदल गई और इसके बाद सोमवार को दिन भर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश का दौर चलता रहा, मंगलवार की सुबह भी ऐसा ही नजारा लोगों को देखने को मिला है.

बिना रुके लगातार हो रही बारिश
इस बारिश की वजह से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है. निचले इलाकों में पानी भर गया. नालियों की ठीक तरह से साफ सफाई नहीं होने की वजह से कई वार्डों में गंदा पानी भरने की भी खबरें सामने आई हैं. लगातार हो रही बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. दिन का अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री का अंतर रह गया है.

तापमान में आई गिरावट
सागर में दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, तो न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहा. वहीं लगातार हो रही बारिश की वजह से 3 इंच से ज्यादा वर्षा भी दर्ज की गई है. आमतौर पर जून के महीने में प्री मानसून की एक्टिविटी शुरू हो जाती है और बारिश होने लगती है, लेकिन इस बार मानसून देरी से आया है, जिसकी वजह से लोगों को जून के महीने में भी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा.

29 जून तक बारिश होने के आसार
सागर सहित पूरे बुंदेलखंड में 3 दिन पहले तक लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हो रहे थे, लेकिन शनिवार से बदले मौसम की वजह से लोगों को राहत मिली है. बारिश होने की वजह से वातावरण में ठंडक घुल गई है. मौसम खुशनुमा हो गया है. मौसम वैज्ञानिक पीके रायकवार ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून मंडला से होते हुए सागर में सक्रिय हो गया है, जिसके प्रभाव से जिले में 29 जून तक बारिश होने के आसार बने हुए हैं.

Tags: Latest hindi news, Local18, Monsoon, Mp news, MP weather, Sagar news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More