
मंडी. हिमाचल प्रदेश के मंडी में भूस्खलन के कारण बंद हुए चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाइवे को 20 घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद बहाल कर दिया गया है. सड़क पर बड़ी चट्टानों के मलबे के कारण ये प्रमुख रास्ता पूरी तरह से जाम हो गया था. इससे सैकड़ों वाहन ठहर गए थे और हजारों की संख्या में पर्यटक यहां फंसे थे. प्रशासन और एनएचएआई की टीमों ने मिलकर चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाइवे को साफ कर यातायात सुचारू कर दिया है.
गौरतलब है कि बीती रात करीब 9 बजे चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे 7, 6 और 4 मील के पास भारी भूस्खलन के कारण बंद हो गया था. सोमवार सुबह से ही हाईवे को बहाल करने की कोशिशें की जा रही थीं, लेकिन मौसम विपरीत होने से कई परेशानियां सामने आ रही थीं. फोरलेन निर्माण में लगी केएमसी कंपनी ने मशीनरी के साथ सड़क खोलने का प्रयास जारी रखा और इसमें शाम करीब साढ़े 4 बजे यातायात बहाल कर दिया गया.
एसएचओ मंडी सदर स्किनी कपूर ने बताया कि अभी यह हाइवे एकतरफा यातायात के लिए बहाल किया गया है. सबसे पहले पुलिस यही प्रयास कर रही है कि जो भी वाहन जाम में फंसे हैं उन्हें तुरंत प्रभाव से निकाला जाए. अभी इन वाहनों को निकालने का सिलसिला शुरू किया गया है. पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं, जो ट्रैफिक व्यवस्था को बनाए रखने में अपना योगदान दे रहे हैं.
पूरा हाइवे बहाल करने में 2 दिन का लग सकता है समय
एएसपी मंडी सागर चंद्र ने बताया कि जो जाम लगा है उसे ही बहाल करने में रात के 9 या 10 बज जाएंगे. उसके बाद ही यह जाम क्लियर हो पाएगा. उन्होंने बताया कि यह बहुत बड़ा लैंडस्लाईड था जिसे जल्दी खोल पाना संभव नहीं था. प्रशासन, पुलिस, एनएचएआई और केएमसी कंपनी के संयुक्त प्रयासों से यह संभव हो पाया है. उन्होंने बताया कि अभी हाईवे को दो तरफा बहाल करने में कम से कम दो दिनों का समय लग सकता है.
बड़ी चट्टानों को ब्लास्टिंग कर मौके से हटाया
फोरलेन निर्माण में लगी कंपनी ने मलबे को हटाने में पूरा जोर लगा दिया. मौसम भी अनुकूल नहीं था, लेकिन रास्ता साफ करने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई. बड़ी बड़ी चट्टानों को तोड़ने के लिए ब्लास्टिंग तक की गई. केएमसी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर राज शेखर ने बताया कि सभी के सहयोग से मलबे को हटाकर हाईवे को एकतरफा यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है. जल्द ही दूसरी तरफ भी बहाल कर दिया जाएगा.
.
Tags: Himachal Pradesh Landslide, Himachal pradesh news, Mandi news
FIRST PUBLISHED : June 26, 2023, 19:51 IST





