युवक का 10 दिन पुराना शव घर से मिला, लाश के साथ रह रही थी नानी

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


बाराबंकी: नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोहरीपुरवा के एक मकान में मानसिक रूप से अस्वस्थ बुजुर्ग महिला को अपने 17 वर्षीय नाती के शव के साथ रहते पाया गया है. पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि करीब 10 दिन पुराने शव से भीषण दुर्गंध आ रही थी. एक मकान से दुर्गंध आने की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अपने कब्जे में ले लिया और बुजुर्ग महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है.

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि नगर कोतवाली के मोहारीपुरवा मोहल्ले के निवासियों ने रविवार को पुलिस को सूचित किया कि एक मकान से आने वाली दुर्गंध के कारण आसपास रहना मुश्किल हो रहा है. उन्होंने बताया, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम जब घर में दाखिल हुई तो उसने देखा कि करीब 65 साल की वृद्ध महिला मिथिलेश अपने 17 साल के नाती के शव के पास बैठी थी और शव से भीषण दुर्गंध आ रही थी.

स्थानीय लोगों के अनुसार, मिथिलेश मानसिक रोगी है और करीब छह साल पहले उसकी बड़ी बेटी और दामाद की मृत्यु होने के बाद से ही नाती उसके साथ रहता था. पुलिस ने बताया कि मिथिलेश के इलाज की व्यवस्था की जा रही है. पुलिस क्षेत्राधिकारी बीनू सिंह ने बताया कि मृत किशोर की उम्र करीब 17 साल होगी. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है.

सिंह ने कहा कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही चलेगा. उन्होंने बताया की मिथिलेश के पति सरकारी नौकरी में थे और उनकी मृत्यु के बाद घर का खर्च पेंशन से चलता था. मिथिलेश की दो बेटियां हैं जिनमें से एक की मृत्यु हो चुकी है जबकि दूसरी बेटी लखीमपुर खीरी में रहती है और उसे घटना की सूचना दे दी गई है.

Tags: Barabanki News

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें