देश में 22000 करोड़ की ड्रग्स जब्त, कार्रवाई के आंकड़ों के जरिए गृहमंत्री शाह ने माफिया को दिया सख्त संदेश


नई दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मादक पदार्थ की तस्करी करने वालों पर लगातार की जा रही कार्रवाई और इसके परिणामों को लेकर कई बड़ी बातें कही हैं. सोमवार को अमित शाह ने ‘नशीली दवाओं के दुरुपयोग व अवैध तस्करी के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय दिवस’ पर अपने वीडियो संदेश में कहा कि गृह मंत्रालय ने नार्कोटिक्स, मादक पदार्थों के खिलाफ ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति’ अपनाई है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में गृह मंत्रालय ने नार्कोटिक्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की जो नीति अपनाई है इसमें इसके अच्छे परिणाम भी सामने आ रहे हैं.’

केंद्रीय गृह मंत्री ने मादक पदार्थों के विरुद्ध की गई व्यापक कार्रवाई को लेकर कहा कि जहां 2006-13 में 768 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ जब्त हुए थे, वहीं 2014 से 2022 के बीच यह जब्ती लगभग 30 गुना बढ़कर 22 हज़ार करोड़ रुपये की हो गई है. इसी तरह नशे का व्यापार करने वाले लोगों के विरुद्ध 2006 से 2013 की अवधि की तुलना में 2014 से 2022 के बीच 181 प्रतिशत अधिक मामले दर्ज किये गये हैं.

6 लाख किलो जब्त मादक पदार्थों को किया नष्ट
अमित शाह ने कहा कि जब्त किये मादक पदार्थों का दोबारा उपयोग रोकने के लिए जून 2022 में उन्हें नष्ट करने का अभियान चलाया गया. इस अभियान के जरिए अब तक देशभर में लगभग 6 लाख किलोग्राम जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि यह मादक पदार्थ मुक्त भारत के लिए मोदी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.

मोदी सरकार की ‘होल ऑफ गवर्नमेंट अप्रोच’ नीति का बड़ा योगदान
शाह ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ यह सफलता मुख्य रूप से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘संपूर्ण सरकार’ के प्रयासों के तहत मिली है, जिसके तहत अलग-अलग विभागों के समन्वय से नीतियां और प्रभावी बनाई जाती हैं. इस नीति का एक मुख्य स्तंभ है मोदी सरकार की ‘होल ऑफ गवर्नमेंट अप्रोच’ जिसमें अलग अलग विभागों के समन्वय से नीति और प्रभावी बनती है.

ड्रग्स से दूर रहने की अपील
उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि हम भारत में नारकोटिक्स का व्यापार नहीं होने देंगे और ना ही भारत के माध्यम से ड्रग्स को विश्व में कहीं बाहर जाने देंगे. ड्रग्स के विरुद्ध इस लड़ाई को बिना जनभागीदारी के नहीं जीता जा सकता. मैं सभी से अपील करता हूं कि अपने आप को और अपने परिवार को ड्रग्स से दूर रखें.

Tags: Amit shah, Drug Smuggling, New Delhi news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More