
हाइलाइट्स
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे बनेगा प्लास्टिक पार्क.
4 जिलों से होकर गुजरेगा गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे.
इस साल के अंत तक बनकर हो जाएगा तैयार.
Gorakhpur Link Expressway- पूर्वांचल एक्सप्रेसवे (Purvanchal Expressway) से गोरखपुर को जोड़ने के लिए बन रहे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे (Gorakhpur Link Expressway) का 73 फीसदी से अधिक काम पूरा हो गया है. उम्मीद की जा रही है साल के अंत तक 91.35 किलोमीटर लंबा यह लिंक एक्सप्रेसवे यातायात के लिए खुल जाएगा. इस एक्सप्रेसवे के बन जाने से गोरखपुर से लखनऊ और दिल्ली- आगरा जाने में लगने वाला समय बचेगा. एक्सप्रेसवे के दोनों और बिजनेस कॉरिडोर भी बनाया जाएगा. यूपी सरकार ने इसके लिए 200 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है. इसमें औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के साथ ही वेयर हाउस भी बनाए जाएंगे. इससे औद्योगिक गतिविधियों को तो बढ़ावा मिलेगा ही, साथ ही रियल एस्टेट मार्केट में भी बूम आएगा.
वतर्मान में लखनऊ से गोरखपुर जाने के लिए दो रास्ते उपलब्ध हैं. NH27 के माध्यम से दोनों शहरों के बीच की दूरी लगभग 269 किलोमीटर है और इसमें लगभग 5 घंटे लगते हैं. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जाने पर गोरखपुर से लखनऊ 321 किलोमीटर है और इसमें 5.30 घंटे लगते हैं. गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के बन जाने से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे तक पहुंचना आसान हो जाएगा. इससे दोनों शहरों के बीच दूरी भी घट जाएगी और यात्रा में साढ़े पांच घंटे की बजाय साढ़े तीन घंटे ही लगेंगे.
73 फीसदी काम पूरा
यूपी एक्सप्रेसवेज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी के अनुसार, 22 जून, 2023 तक लिंक एक्सप्रेसवे का 73 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. क्लियरिंग एंड ग्रबिंग का काम 100 फीसदी, मिट्टी का 93 फीसदी, जीएसबी का 71 फीसदी, और डीबीएम का 66 फीसदी काम पूरा हो चुका है. एक्सप्रेसवे पर कुल प्रस्तावित 342 स्ट्रक्चर्स में से 326 बनकर तैयार हो चुके हैं.
यह है रूट
91.35 किलोमीटर लंबा यह लिंक एक्सप्रेसवे गोरखपुर जिले के जैतपुर गांव से शुरू होता है और आजमगढ़ जिले के सालारपुर गांव में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ता है. यह लिंक एक्सप्रेसवे गोरखपुर, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर और आजमगढ़ से होकर गुजरेगा. इस लिंक एक्सप्रेसवे को वाराणसी के साथ एक अलग लिंक रोड के जरिए जोड़ा जाएगा. लिंक एक्सप्रेसवे से गोरखपुर और आजमगढ़ के बीच आवाजाही आसान और तेज हो जाएगी. माल ढुलाई में तेजी आने से व्यापारियों को बहुत फायदा होगा. साथ इस एक्सप्रेसवे के बन जाने से गोरखपुर से दिल्ली और आगरा जाना भी आसान हो जाएगा.
चार नदियों से गुजरेगा, 9 इंटरचेंज होंगे
गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे राप्ती नदी, आमीनदी, कुआनों और घाघरा नदी से होकर निकलेगा. एक्सप्रेसवे पर नौ इंटरचेंज होंगे. इन्हें जैतपुर एनएच-27, खजनी, बांसगांव, कौड़ीराम और गोला भीटीरावत, खतनी, बांसगांव, सिकरीगंज रोड रामजानकी मार्ग नेशनल हाइवे और सिकरीगंज बेलघाट मार्ग पर बनाया जाएगा.
.
Tags: Business news in hindi, Expressway New Proposal, Highway, Purvanchal Expressway, UP news
FIRST PUBLISHED : June 26, 2023, 14:17 IST





