
अंजली शर्मा/कन्नौज: कन्नौज में पिछले 8 वर्षों से बने कैंसर हॉस्पिटल में अब मरीजों को इलाज मिलना शुरू हो जाएगा. अब यहां के रहने वालों और आस-पास के जिले के पीड़ितों को जल्द ही कन्नौज में इस गंभीर बीमारी का इलाज मिलने लगेगा. पहले इस बीमारी से पीड़ित मरीजों को दूरदराज जिलों व राज्यों में जाना पड़ता था. लेकिन अब इस माह के अंत तक कन्नौज में भी कैंसर हॉस्पिटल की ओपीडी चालू कर दी जाएगी.
साल 2016 में इस कैंसर हॉस्पिटल का निर्माण कार्य पूरा हो गया था और उसी समय तत्कालीन सरकार ने शिलान्यास भी कर दिया था. अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए प्रशासन से मंजूरी नहीं मिल सकी थी, जिसके चलते अभी तक यह हॉस्पिटल बंद पड़ा था. इस हॉस्पिटल की लागत 163.31 करोड़ रुपए थी. 220 बेडो की अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वातानुकूलित यह हॉस्पिटल है, जिसका निर्माण कार्य 2013 में शुरू हुआ था और 2016 में यह बन कर तैयार हो गया था.
15 वर्ष से बंद पड़े जनरल वार्ड के खुलेंगे ताले
महानिदेशक ने संविदा पर स्टाफ नर्स की भर्ती की मंजूरी दे दी है. इससे कैंसर अस्पताल की ओपीडी चालू होने के साथ-साथ ही 15 वर्ष से बंद पड़े जनरल वार्ड के ताले भी अब खुल जाएंगे. राजकीय मेडिकल कॉलेज में 220 बेड का कैंसर हॉस्पिटल 8 वर्षों से तैयार खड़ा है, लेकिन यह अभी तक संचालन में नहीं आ सका है. बीते काफी समय से मेडिकल कॉलेज में स्टाफ की भारी कमी है. स्टाफ नर्स के पदों की बात की जाए तो 362 पद हैं, जिसमें 46 भरे हैं और 316 अभी भी खाली हैं. वहीं नर्सिंग सिस्टर के 58 पद हैं, जिसमें 52 भरे हैं और 6 अभी भी खाली है.
क्या बोले मेडिकल कालेज प्राचार्य
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य सीपी पाल ने बताया कि- संविदा पर 125 स्टाफ नर्स का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है, जिसके चलते अब कैंसर हॉस्पिटल में जून के अंतिम सप्ताह तक ओपीडी का संचालन शुरू किए जाने की पूरी उम्मीद है. यह हॉस्पिटल जिले के साथ-साथ आसपास के कई जिलों को भी कवर करेगा. इस कैंसर हॉस्पिटल के चालू हो जाने के बाद अब लोगों को दूरदराज क्षेत्रों में इलाज कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी. कन्नौज में ही उनको अच्छा इलाज मिल जाएगा.
.
Tags: Kannauj news, Local18, Uttar pradesh news
FIRST PUBLISHED : June 26, 2023, 13:29 IST





