गया में सिमुलतला के तर्ज पर खोले जाएंगे 5 आवासीय विद्यालय, अगले साल से होगा एडमिशन 


कुंदन कुमार/गया. सिमुलतला के तर्ज पर बिहार के गया जिला में आवासीय विद्यालय का संचालन किया जाएगा. इसके लिए जिले के पांच विद्यालयों का चयन किया गया है. चयनित विद्यालय से वहां उपलब्ध संसाधन संबंधित जानकारी मांगी गई है. आवासीय विद्यालय के संचालन के लिए प्लस टू रामसहाय उच्च विद्यालय फतेहपुर, प्लस टू यशवंत उच्च विद्यालय खिजरसराय, अग्रवाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलागंज, प्लस टू गांधी उच्च विद्यालय कोंच और टिकारी राज इंटर विद्यालय टिकारी को चयनित किए जाने का प्रस्ताव है.

चयनित विद्यालय में वर्ष 2024 से नामांकन शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. बता दें कि, बिहार में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ आधुनिक और वर्तमान जरूरतों के अनुसार बनाने के लिए जमुई जिले में स्थापित सिमुलतला आवासीय विद्यालय के तर्ज पर राज्य के सभी प्रमंडल में एक एक आवासीय विद्यालय की स्थापना करने का निर्णय लिया गया है. इन विद्यालयों में वर्ष 2024 से नामांकन शुरू करने का लक्ष्य तय किया गया है.

इस संबंध में गया के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) राजदेव राम ने जानकारी देते हुए कहा कि इस बाबत संबंधित हेड मास्टर को निर्देश जारी किया गया है. संबंधित विद्यालय में उपलब्ध भूमि, विद्यालय बिल्डिंग, कितनी जमीन पर बनी हुई है, वर्तमान में भवनों की संख्या, भवन के बाद शेष भूमि, विद्यालय में उपलब्ध कमरों की संख्या, खेल मैदान की विस्तृत जानकारी और नए भवन के लिए विद्यालय में कितनी भूमि की उपलब्धता है इसकी जानकारी मांगी गई है. अगले वर्ष अप्रैल माह से छठे वर्ग में स्थापित विद्यालय में नामांकन शुरू होने की संभावना है.

Tags: Admission, Bihar News in hindi, Gaya news, Local18

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More