
Weather Update Monsoon LIVE: गर्मी से बेहाल लोगों के लिए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अच्छी खबर दी है. आईएमडी ने जानकारी देते हुए बताया है कि दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में मानसून का आगमन हो चुका है और मानसून की बारिश का दौर शुरू हो गया. दिल्ली-एनसीआर में बीते रविवार की बारिश से मानूसन ने दस्तक दे दी है. हालांकि आमतौर पर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मानसून की एंट्री 27 जून तक होती है, लेकिन इस बार यह 2 दिन पहले पहुंच गया है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून को लेकर परिस्थितियां अनुकूल हैं और दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई अन्य राज्यों में अगले 6 दिनों तक भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक मानसून पूर्वी यूपी तक पहुंच गया है. अगले 6 दिनों तक उत्तर पश्चिम भारत के कई राज्यों में बारिश का येलो अलर्ट विभाग द्वारा पहले ही जारी किया जा चुका है. विभाग के मुताबिक हल्की से तेज बारिश का दौर 30 जून तक रहेगा. इस दौरान तापमान घटता-बढ़ता रहेगा.





