
अनुज गौतम/सागर: एमपी के नौरादेही अभ्यारण में ‘टाइगर अभी जिंदा है’ वाली बात हो गई है. पिछले 17-18 दिनों से जंगल में गुम खूंखार बाघ N3 को लेकर खबर सामने आई है. वन्यकर्मियों को यह टाइगर जंगल में दिख है. हालांकि, वह घायल या स्वस्थ है इस बारे में विभाग के अधिकारी अभी चुप्पी साधे हुए हैं.
वन विभाग की टीम अभ्यारण्य में पिछले कुछ दिनों से N3 बाघ की सरगर्मी से तलाश कर रही थी. इसके लिए अभ्यारण्य के वन कर्मी, गश्ती दल, हाथी दल सभी को अलर्ट किया गया था. पग मार्क के आधार पर जंगल की खाक छानी जा रही थी. यह लापता बाघ नौरादेही रेंज में टाइगर बाड़े के पास मिला है.
शनिवार को हाथी दल की निगरानी टीम ने इसे देखा है, जहां बाघ देखा गया है वह इलाका पहले बाघ किशन का हुआ करता था. अब N3 बाघ द्वारा इस इलाके पर कब्जा होने का अनुमान लगाया जा रहा है. इसी टेरिटरी में बाघिन राधा N1 के साथ ही N111, N112 और उनके चार शावक भी विचरण करते हैं. इन पर अब नया किंग N3 बाघ राज करेगा.
अधिकारी थे परेशान
बता दें कि 7- 8 जून को बाघ किशन N2 और बाहर से आए N3 के बीच टेरिटरी को लेकर करीब दो-तीन घंटे तक संघर्ष हुआ था, जिसमें बाघ किशन बुरी तरह से जख्मी हो गया था. 13 जून को वह नौरादेही रेंज में ही घायल अवस्था में मिला था, जिसका इलाज भी किया गया था. लेकिन, 17 जून की सुबह वह नदी के किनारे मृत हालत में मिला. जिसके बाद यह अनुमान लगाया जा रहा था कि बाघ किशन से फाइट करने वाले बाघ को भी चोटें आई होंगी. इसलिए वह जंगल में कहीं छिपकर बैठा होगा और हो सकता है उसे इलाज की जरूरत हो. हालांकि, अब उस बाघ पर कुछ भी बोलने से अधिकारी बचते हुए नजर आ रहे हैं. वन विभाग के सीसीएफ एके सिंह का कहना है की N3 जंगल में ही होगा, उसकी सुरक्षा के लिए अभी जानकारी साझा करना ठीक नहीं है.
अब हैं 15 बाघ
बता दें कि नौरादेही अभ्यारण में बाघ प्रोजेक्ट 2018 के तहत बाघिन राधा और बाघ किशन को लाया गया था, जबकि तीसरा भाग नेचुरल कॉरिडोर रातापानी से खुद ही नौरादेही में आ गया था, पिछले 4 सालों से वह यहीं पर था. फाइट के बाद किशन की मौत हो गई अब यहां पर नए किंग N3 सहित 15 बाघ बचे हैं
.
Tags: Local18, Sagar news, Tiger reserve, Wildlife news in hindi
FIRST PUBLISHED : June 25, 2023, 19:49 IST





