सड़क पर घायल हुआ था युवक…पर 24 घंटे बाद लाश नहर में मिली, हैरान कर देगी कार सवार की करतूत

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


बिनेश पंवार/मुजफ्फरनगर:  यूपी के मुजफ्फरनगर में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया. यही नहीं, इस हादसे ने एक व्यक्ति को आरोपी बना दिया. दरअसल, कार सवार ने एक युवक को कुचल दिया. इसके बाद एक्सीडेंट में घायल युवक को कार सवार इलाज के लिए अस्पताल लेकर गया, मगर रास्ते में युवक की मौत हो गई.

यह देख कार सवार घबरा गया और उसने घबराहट में युवक की बॉडी को नहर में फेंक दिया, जिसके बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शनिवार की सुबह शव को बरामद कर लिया है. बता दें कि गुरुवार को छपार थाना क्षेत्र में स्थित मुजफ्फरनगर सहारनपुर स्टेट हाईवे पर एक स्विफ्ट कार ने बसेड़ा गांव निवासी मनोज (34) को जोरदार टक्कर मार दी थी, जिसमें मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया था.

घटना के दौरान आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए थे, जिसके बाद कार सवार व्यक्ति घायल मनोज को अपनी कार से उपचार के लिए अस्पताल लेकर घटनास्थल से निकला था. लोगों का आरोप है कि रास्ते में ही मनोज ने दम तोड़ दिया था, जिसके बाद कार सवार व्यक्ति ने खुद को फंसता देख मनोज के शव को कूटेसरा रजवाहे में फेंक कर मौके से फरार हो गया था.

पुलिसवाले अस्पताल पहुंचे तो चौंक गए
इस सड़क दुर्घटना में व्यक्ति के घायल होने की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची थी तो स्थानीय लोगों ने बताया था कि कार सवार व्यक्ति घायल को उपचार के लिए अस्पताल लेकर गया है, लेकिन जब पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर इसकी जानकारी जुटानी चाहिए तो पता चला की अस्पताल में ऐसा कोई घायल पहुंचा ही नहीं था.

24 घंटे बाद मिला शव
मामला संदिग्ध होते ही पुलिस हरकत में आई और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार के नंबर को ट्रेस कर पुलिस ने जब आरोपी कार सवार व्यक्ति को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने मनोज के शव को कुटेसरा रजवाहे में ठिकाने लगाने की बात बताई. इसके बाद पुलिस शुक्रवार को ही गोताखोरों की मदद से शव की तलाश में जुटी और 24 घंटे की मशक्कत के बाद शनिवार को शव को लुहारी नहर से बरामद कर लिया गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही कार सवार आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

पुलिस को बताई वजह
वहीं पूरे मामले को लेकर सीओ सदर यतेंद्र नागर ने बताया कि ड्राइवर ने पूछताछ में बताया है कि अस्पताल पहुंचने से पहले घायल युवक की मृत्यु हो गई थी और डर की वजह से उसने शव को देवबंद-कूटेसरा रजवाहा में डाल दिया था. जिसकी तलाश गोताखोरों के द्वारा की जा रही थी और अब शव को नहर से बरामद कर लिया गया है.

Tags: Car accident, Local18, Muzaffarnagar crime, Up news in hindi

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें