Delhi Rains: बारिश आई आफत साथ लाई! नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा, करंट लगने से महिला की मौत

हाइलाइट्स

नई दिल्ली रेलवे परिसर में बड़ा हादसा हुआ है.
एक महिला की मौत करंट लगने से हुई है.
मामले में दिल्ली पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है.

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक दुखद घटना में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन परिसर में करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि यह घटना स्टेशन परिसर में जलभराव के कारण हुई है. पुलिस ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए लेडी हार्डिंग अस्पताल भेज दिया गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़िता की पहचान साक्षी आहूजा के रूप में हुई है. घटना के समय साक्षी अपने पति के साथ थी. हादसा होने से पहले दोनों स्टेशन पर भोपाल शताब्दी ट्रेन में चढ़ने की योजना बना रहे थे. पीड़ित परिवार ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है, जिसके कारण उनकी मौत हुई है.

पढ़ें- Weather Update: दिल्ली-NCR में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश, अब अगले सप्ताह तक लीजिए प्री-मॉनसून का मजा

गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है. साक्षी के परिवार ने बताया कि उनके दो बच्चे भी हैं जो इस घटना के बाद अनाथ हो गए हैं. घटना के बाद परिजनों में काफी आक्रोश है. साक्षी के पिता ने कहा इस हादसे के लिए रेलवे जिम्मेदार है. उनके पिता ने आगे कहा कि साक्षी के दोनों बच्चों की जान बाल-बाल बची. स्थानीय लोगों का कहना है कि नई दिल्ली स्टेशन परिसर में कुछ और ऐसी जगहें हैं जहां इस तरह की घटना का खतरा मंडरा रहा है.

स्टेशन परिसर में चल रहा था मरम्मत का कार्य
रिपोर्ट के अनुसार कथित तौर पर, क्षेत्र में मरम्मत कार्य चल रहा था. इसलिए, बहुत सारे बिजली के तार पानी से चिपके हुए थे, जो दुर्घटना का कारण बने. कथित तौर पर पीड़िता ने पानी में जाने से बचने के लिए एक खंभा पकड़ लिया और करंट की चपेट में आ गई जिससे उसकी तुरंत मौत हो गई.

दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने कहा कि ‘संबंधित प्राधिकारी पर लापरवाही का आरोप लगाने वाली एक शिकायत प्राप्त हुई और आईपीसी की धारा 287/304-ए के तहत मामला दर्ज किया गया है. एफएसएल, रोहिणी की टीम घटना स्थल का निरीक्षण कर रही है और जांच जारी है. वहीं मृत महिला के पिता लोकेश कुमार चोपड़ा ने कहा कि ‘हम चंडीगढ़ जा रहे थे. मैं पार्किंग क्षेत्र में था जब मुझे सूचना मिली कि मेरी बेटी साक्षी आहूजा की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई है. यह संबंधित प्राधिकारी की लापरवाही के कारण हुआ है.’

Tags: Delhi news, Delhi Rain

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More