
विपिन तिवारी/बारां. शहर से गुजर रहे नेशनल हाईवे-27 पर बरड़िया बालाजी के समीप सीमेंट के बैग भरकर जा रहा ट्रेलर शनिवार को टायर फटने से अनियंत्रित होकर हाईवे की पुलिया से नीचे गिर गया, जिसमें अचानक आग लग गई. आग लगने से ड्राइवर झुलस गया. घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने ड्राइवर को केबिन से निकालकर अस्पताल भिजवाया.
वहीं, सूचना पर नगर परिषद की दमकलों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेलर (आरजे 20 जीआर 7575) सीमेंट भरकर कोटा से शाहबाद की ओर जा रहा था, जो बरड़िया बालाजी के समीप अचानक से अनियंत्रित होकर हाईवे की छोटी पुलिया से नीचे गिर गया. नीचे गिरने के कारण ट्रेलर में आग लग गई. हालांकि, इससे पहले लोगों ने चालक को बचा लिया था.
एमपी निवासी चालक की हालत नाजुक
वहीं ट्रेलर का केबिन क्षतिग्रस्त होने से चालक भी उसी में फंसा राह गया. इस दौरान आसपास खेतों में मौजूद लोग मौके पर पहुंचे. उन्होंने ट्रक के भीतर से चालक को बाहर निकाला, जिसे टोल कंपनी के वाहन से गंभीर झुलसी अवस्था में बारां जिला अस्पताल भिजवाया गया. बताया गया कि मध्यप्रदेश के ग्वालियर का रहने वाला चालक बलबीर सिंह गुर्जर को कोटा रेफर कर दिया गया है. फिलहाल चालक की स्थिति नाजुक बनी है.
.
FIRST PUBLISHED : June 24, 2023, 22:21 IST






