
राहुल कौशिक/भीलवाड़ा. राजस्थान के भीलवाड़ा में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां पर दूल्हा-दुल्हन मंदिर में भगवान का आशीर्वाद लेने गए थे. दोनों की शादी एक दिन पहले ही हुई थी. दोनों मंदिर में दर्शन कर ही रहे थे कि उसी समय हथियार से लैस बदमाश वहां पर आ गए. बदमाशों ने हमला कर दिया और वह दुल्हन को उठाकर ले गए. इस मामले दूल्हा और दुल्हन दोनों पक्षों ने सुभाष नगर थाने में केस दर्ज करवाया है. पुलिस ने टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी है.
एक दिन पहले ही हुई थी दोनों की शादी
दोनों की शादी एक दिन पहले ही बड़े धूमधाम से हुई थी. दोनों के परिवार में काफी खुशी का माहौल था. रीतिरिवाज के अनुसार दूल्हा-दुल्हन मंदिर में धोक लगाने के लिए शादी के अगले ही दिन पहुंचे थे. इसी दौरान वहां पर बदमाश आ पहुंचे और दुल्हन को उठाकर फरार हो गए. पति रवि नायक ने बताया कि ‘‘शुक्रवार को मेरी शादी हुई थी. इस दौरान हमारे साथ मारपीट भी की और बाद में मेरी दुल्हन को वह उठा ले गए और अब तक उसका कोई पता नहीं चला है. इसलिए हम थाने में न्याय की गुहार लगाने के लिए आए हैं”.
यह भी पढ़ें : जहां पढ़े वहीं प्रिंसिपल बनकर लौटे और बदल दी स्कूल की सूरत, सैलरी से खर्च कर दिए 8 लाख रुपए
रवि का पड़ोसी बोला- पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई
दूसरी तरफ पड़ोसी ईश्वर ने कहा कि रवि नायक का फोन आया था कि कृषि उपज मंडी में धोक देने के बाद तीन बदमाश धारदार हत्यारों के साथ आए और दुल्हन का अपहरण करके ले कर गए. इस पर पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाया मगर अब तक पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई.
सुभाष नगर कार्यवाहक थाना प्रभारी जगदीश मीणा ने बताया कि थाना क्षेत्र के कृषि उपज मंडी में स्थित सगस जी के मंदिर में जोड़े की धोक देने के लिए रेणु उर्फ योगिता नायक अपने पति रवि और ससुराल पक्ष के लोगों के साथ गई थी. इस दौरान स्कूटी सवार अज्ञात लोगों ने उसका अपहरण कर अपने साथ ले गए.
इस मामले में परिजनों ससुराल पक्ष ने दीपक नामक व्यक्ति को शक के संदेह में आरोपी बनाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया है. इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वही विवाहिता की तलाश के लिए टीम गठित कर दी है.
पुलिस को प्रेम-प्रसंग का संदेश
सूत्रों के मुताबिक पुलिस को शक है कि यह प्रेम-प्रसंग का मामला भी हो सकता है. परिवार ने भी एक युवक को नामजद करवाया है. शादी के अगले ही दिन दुल्हन का अपहरण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.
.
Tags: Bhilwara news, Local18, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : June 24, 2023, 22:14 IST






