चांदनी चौक की ‘चटपटी’ दुकान; दिल्ली में मशहूर है यहां की आलू टिक्की और दही भल्ले, टेस्ट किया क्या?


गौहर/दिल्ली. दिल्ली का स्ट्रीट फूड देश भर में सबसे ज्यादा चटपटा माना जाता है. दिल्ली में बाहरी राज्यों से आने वाले लोग कभी यहां का स्ट्रीट फूड खाए बिना वापस नहीं जाते. हम भी ऐसे ही फूड प्रेमियों के लिए आलू टिक्की और दही भल्ले की चटपटी खबर लाए हैं. पुरानी दिल्ली में चांदनी चौक की सबसे मशहूर चाट दुकान ‘नटराज दही भल्ले कॉर्नर’ की बात ही अलग है. स्वाद चखने के लिए यहां दूर-दूर से लोग आते हैं.

दुकान के मालिक जीतिन शर्मा ने बताया कि यह दुकान उनके दादाजी ने 1940 में शुरू की थी. दुकान दिखने में इतनी छोटी है कि यहां काम करने वाले लोग आर्डर बाहर खड़े होकर ही लेते और देते हैं. लोग इनकी टिक्की और भल्ले के इतने दीवाने हैं कि भरी गर्मी में भी इनकी दुकान के बाहर खाने के लिए भीड़ लगाकर खड़े रहते हैं. इनकी आलू टिक्की और दही भल्ले के एक प्लेट का रेट 60 रुपये है.

अलग है इनका टिक्की और भल्ला
इस दुकान पर आलू टिक्की को लगातार तवे पर तला जाता है, जिसके वह बाहर से कुरकुरी और अंदर से काफी ज्यादा मुलायम होती है. आलू टिक्की के साथ दी जाने वाली खट्टी-मीठी चटनी भी इसके स्वाद को और बढ़ा देती है. इनके यहां पर मिलने वाले दही भल्ले दिखने में तो सादे पर खाने में स्वादिष्ट होते हैं. इन भल्लों को दूसरों से अलग इन पर डाले जाने वाला मसाला, अनार और गाढ़ा मिश्री वाला दही बनाता है.

सालों पुराने ग्राहक
दूर-दूर से लोग इनकी दुकान पर भल्ले और टिक्की खाने आते हैं. कपिल जो कि इस दुकान पर 20 साल से लगातार खाने आ रहे हैं, उनका कहना था कि इन के भल्ले और टिक्की का स्वाद काफी देर तक मुंह में ही रहता है. ग्राहक राकेश ने बताया कि हम जब भी दिल्ली किसी काम से आते हैं, यहां से खाकर जरूर जाते हैं.

जानिए लोकेशन और टाइमिंग
आपको यहां आने के लिए येलो मेट्रो लाइन से चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन पर उतरना होगा. गेट नंबर 5 से बाहर आकर कुछ दूर पर आपको यह दुकान मिल जाएगी. यह दुकान हफ्ते के सातों दिन सुबह 11:30 बजे से लेकर रात 9:00 बजे तक खुली रहती है.

Tags: Chaat, Delhi news, Food, Food 18, Local18, Street Food

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More