राजस्थान: BJP हुई आक्रामक, बड़े नेताओं के ताबड़तोड़ दौरे, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह और अमित शाह आएंगे


हाइलाइट्स

राजस्थान बीजेपी रणनीति
राजस्थान विधानसभा चुनाव तैयारियां
गहलोत सरकार को घेरने की कवायद

जयपुर. राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बीजेपी (BJP) पूरी तरह से एक्टिव मोड में आ गई है. भ्रष्टाचार समेत अन्य मुद्दों को लेकर गहलोत सरकार को सड़कों पर घेरने के साथ ही अब राजस्थान (Rajasthan) में केन्द्रीय नेताओं के दौरे भी तेज हो रहे हैं. इस माह के अंत में बीजेपी के तीन बड़े नेता राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं. माना जा रहा है कि जल्द पीएम नरेन्द्र मोदी का भी एक बार फिर से राजस्थान दौरा तय हो सकता है. वहीं बीजेपी अगले महीने ‘पोल खोल अभियान’ का भी आगाज करेगी.

इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी ने संघर्ष तेज कर दिया है. भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर बीजेपी सड़कों पर उतर कर आर-पार की लड़ाई लड़ रही है. वहीं वह कानून व्यवस्था समेत अन्य मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर हमला करने का एक भी मौका नहीं छोड़ रही है. प्रदेश बीजेपी की इस सक्रियता के बीच केन्द्रीय नेतृत्व प्रदेश के नेताओं और कार्यकर्ताओं के जोश को हाई करने के लिए बैक टू बैक राजस्थान के दौरे पर आ रहे हैं.

केन्द्रीय नेताओं के राजस्थान आने का यह रहेगा क्रम
मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के कार्यक्रमों की कड़ी में केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह 28 जून को जोधपुर आ रहे हैं. उसके अगले ही दिन यानि 29 जून को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष जेपी नड्डा भरतपुर आकर कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे. उसके बाद 30 जून को गृहमंत्री अमित शाह उदयपुर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि 30 जून को ही केन्द्रीय मंत्री अमित शाह जयपुर भी आ सकते हैं.

जुलाई में होंगे कई बड़े सम्मेलन और प्रदर्शन
केन्द्रीय नेताओं के दौरों के साथ बीजेपी अब पोल खोल अभियान के जरिए कांग्रेस सरकार के वादों की पोल खोलने का अभियान शुरू करने जा रही है. अभियान के तहत 5 जुलाई को लंपी से प्रभावित पशुपालकों का बीकानेर में सम्मेलन होगा. वहीं जुलाई के दूसरे सप्ताह में झुंझुनूं में किसानों का एक बड़ा सम्मेलन किया जाएगा. उसमें कर्जमाफी और जमीनें नीलाम होने वाले किसान शामिल होंगे. उसके बाद जुलाई के आखिरी सप्ताह में जयपुर में बीजेपी का बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. बीजेपी का दावा है कि इसमें पांच लाख लोग शामिल होंगे.

इस बार पीएम मोदी जोधपुर आ सकते हैं
बताया जा रहा है कि पीएम मोदी का भी जल्द ही पश्चिमी राजस्थान का दौरा तय होने वाला है. इस बार पीएम मोदी जोधपुर आ सकते हैं. वहां वे विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे. कर्नाटक चुनावों के परिणामों के बाद अब बीजेपी स्थानीय मुद्दों को लेकर राज्य सरकार को घेरने के लिए एकाएक सक्रिय हो गई है. भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, महिला अत्याचार, कर्जमाफी, पेट्रोल-डीजल पर वैट, बिजली और पेपरलीक समेत तमाम मुद्दों को उठाकर आगामी विधानसभा चुनावों की जमीन तैयार की जा रही है. इस बीच केन्द्रीय नेतृत्व के दौरे कार्यकर्ताओं के जोश को हाई करने के साथ ही पार्टी की गुटबाजी को थामने के लिए अहम होंगे.

Tags: BJP, Jaipur news, Rajasthan bjp, Rajasthan news, Rajasthan Politics

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More