Sahitya Akademi Award 2023: साहित्य अकादमी ने इस वर्ष के युवा पुरस्कार और बाल साहित्य पुरस्कारों की घोषणा कर दी है. हिंदी के लिए युवा पुरस्कार अतुल कुमार राय के उपन्यास ‘चाँदपुर की चंदा’ को चुना गया है. हिंदी में बाल साहित्य के लिए सूर्यनाथ सिंह की पुस्तक ‘कौतुक ऐप’ का चयन किया गया है. मणिपुरी भाषा में बाल साहित्य पुरस्कार की घोषणा बाद में की जाएगी जबकि, कश्मीरी भाषा में बाल साहित्य पुरस्कार प्रदान नहीं किया गया है. मैथिली, मणिपुरी और संस्कृत भाषा के युवा पुरस्कार बाद में घोषित किए जाएंगे. इस वर्ष ओड़िआ भाषा में पुरस्कार की घोषणा नहीं की गई है.
साहित्य अकादमी के अध्यक्ष माधव कौशिक की अध्यक्षता में अकादमी के कार्यकारी मंडल ने आज युवा पुरस्कार 2023 और बाल साहित्य पुरस्कार 2023 की घोषणा की गई. बैठक में 20 युवा लेखकों की पुस्तकों और 22 बाल साहित्यकारों के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार 2023 अनुमोदित किए गए. इन पुस्तकों को त्रिसदस्यीय निर्णायक मंडल ने तय चयन प्रक्रिया का पालन करते हुए पुरस्कार के लिए चुना है.
दोनों श्रेणियों में पुरस्कार उन पुस्तकों से संबंधित हैं, जो पुरस्कार वर्ष के पहले पांच वर्षों में यानी 1 जनवरी, 2017 से 31 दिसंबर, 2021 के मध्य पहली बार प्रकाशित हुई हैं. दोनों पुरस्कारों के लिए पुरस्कार स्वरूप एक उत्कीर्ण ताम्रफलक तथा 50,000 रुपए की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी.
Bal Utasv 2023: प्रेमचंद की कहानी ‘पंच परमेश्वर’ और वाचस्पति पाठक की ‘कागज की टोपी’ का मंचन
हिंदी में बाल साहित्य के लिए सूर्यनाथ सिंह की पुस्तक ‘कौतुक ऐप’, अंग्रेजी में सुधा मूर्ति की पुस्तक ‘ग्रैंडपैरेंट्स बैग ऑफ स्टोरीज’, पंजाबी के लिए गुरमीत कड़िआलवी की पुस्तक ‘सची दी कहानी’ और उर्दू के लिए स्व. मतीन अचालपुरी की पुस्तक ‘ममता की डोर’ को पुरस्कृत किया गया है.

साहित्य अकादमी बाल साहित्य पुरस्कार 2023
साहित्य अकादमी ने हिंदी भाषा में बाल साहित्य पुरस्कार 2023 के लिए वरिष्ठ लेखक सूर्यनाथ सिंह की पुस्तक ‘कौतुक ऐप’ का चयन किया है. ‘कौतुक ऐप’ बाल कहानी संग्रह है और इसे नेशनल बुक ट्रस्ट ने प्रकाशित किया है.
सूर्यनाथ सिंह पत्रकार और लेखक हैं. उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय और फिर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से तालीम हासिल की है. सूर्यनाथ सिंह को हिंदी अकादमी दिल्ली के बाल एवं किशोर साहित्य सम्मान, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रकाशन विभाग के भारतेंदु हरिश्चंद्र पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है.
सूर्यनाथ सिंह की चर्चित कृतियों में कुछ रंग बेनूर (कहानी संग्रह), चलती चाकी (उपन्यास), बरफ के आदमी, बिजली के खंभों जैसे लोग, सात सूरज सत्तावन तारे और कसम फिर से खाई जैसी पुस्तकें शामिल हैं.

अतुल कुमार राय को साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार 2023
युवा हिंदी लेखक और संगीतकार अतुल कुमार राय सोशल मीडिया पर चर्चित नाम हैं. उनके ब्लॉग, व्यंग्यकथा और ट्वीट चर्चा के केंद्र में रहते हैं. अखबारों में भी वह नियमित लेख लिखते हैं.
बलिया, उत्तर प्रदेश के रहने वाले अतुल कुमार राय ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से संगीत में पढ़ाई की है. ‘चाँदपुर की चंदा’ अतुल का पहला उपन्यास है. वर्तमान में वह मायानगरी में फिल्म और वेबसीरीज के लिए कहानी, पटकथा और संवाद लेखन कर रहे हैं. ‘चाँदपुर की चंदा’ एक रोमांटिक प्रेम कहानी है. उपन्यास के केंद्र में मंटू और पिंकी की लव स्टोरी है.
.
Tags: Books, Hindi Literature, Hindi Writer, Literature
FIRST PUBLISHED : June 23, 2023, 16:20 IST






