
धर्मबीर शर्मा/ गुरुग्राम. नाम गीता,उम्र 21 साल,वज़न 110 किलो. इतनी कम उम्र में और भारी-भरकम शरीर के साथ गीता की जिंदगी किसी डरावने सपने से कम नहीं थी. एक लड़की के लिए इस समाज में कितने ही मानक तय किए गए हैं. जिन पर खरा उतने के बाद ही उसको समाज में सुंदरता का तमगा दिया जाता है. वरना मोटापे के कारण कितने ही ताने सहने पड़ते हैं. जिनकी वजह से युवा अवसाद का शिकार हो जाते हैं. लेकिन गीता ने इन तानों को अपनी प्रेरणा बनाया और आज वो आसमान छू रही हैं. जिस लड़की को लोग मोटी कहकर बुलाते थे वही लड़की गीता आज ना सिर्फ हरियाणा का बल्कि देश का नाम भी रोशन कर रही है.
गुरुग्राम की रहने वाली गीता का वजन 110 किलो हुआ करता था, लेकिन लोगों के तानों की वजह से उन्होंने कड़ी मेहनत के बाद अपना वजन कम किया और भाई के कहने पर बॉडी बिल्डिंग शुरू की. गीता 3 बार मिस इंडिया प्रतियोगिता जीत चुकी हैं. यही नहीं गीता पिछले साल सीनियर विमेंस बॉडी बिल्डिंग 2022 में गोल्ड मेडल हासिल कर चुकी हैं.इसके अलावा वह 2018 में मिस एशिया प्रतियोगिता में चौथी रैंक और 2019, 2021 व 2022 में सीनियर विमेंस बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल कर चुकी हैं.
जंक फूड खाने की आदत से हुआ था नुकसान
गीता के परिवार का गुरुग्राम में रेस्टोरेंट का कारोबार है. परिवार पुराने सदर बाजार इलाके में रेवाड़ी स्वीट्स के नाम से मशहूर रेस्टोरेंट चलाता है. गीता ने बताया कि घर में उन्हें शुरू से ही काफी लाड़-प्यार से रखा गया और साथ में खाने-पीने की शौकीन रही हैं.उन्हें घर का देसी खाना, घी, मक्खन, दूध, दही खाने का काफी शौक था. इसके बाद जब वह ग्राफिक डिजाइनर बनीं तो ऑफिस जाने के कारण उन्हें जंक फूड खाने की आदत लग गई. यहीं से गीता का वज़न बढ़ना शुरू हुआ.
भाई की ट्रेनिंग तो हासिल किए नए मुकाम
गीता ने बताया कि ज्यादा जंक फूड खाने से 21 साल की उम्र में उनका वजन लगभग 110 किलो पहुंच गया था. इसके बाद वजन ज्यादा होने की वजह से ताने सुनने को मिलने लगे. इसके बाद गीता ने अपना वजन कम करने की सोची. फिटनेस को लेकर कम जानकारी के कारण उन्हें सिर्फ इतनी नॉलेज मिली कि खाना छोड़ देने और कार्डियो करने से वजन कम होता है.लेकिन इसके चलते उसकी स्किन लूज हो गई. यह समस्या जब गीता ने अपने प्रोफेशनल बॉडी बिल्डर रह चुके बड़े भाई को बताई तो किस्मत का दरवाजा खुला गया.
2017 से शुरू हुआ सफर
2017 में गुरुग्राम में एक महिला बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में भाग लिया जिसके बाद गीता ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. अब गीता आने वाली प्रतियोगिता की तैयारी कर रही है जिसमें वो एशिया और वर्ल्ड लेवल पर सीनियर विमेंस बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेगीं. जिसके लिए गीता रोजाना घंटों जिम में पसीना बहा रही हैं.
.
Tags: Gurgaon S07p09, Haryana news, Local18
FIRST PUBLISHED : June 23, 2023, 19:21 IST






