Bakrid 2023: सड़कों पर न पढ़ें नमाज… कुर्बानी का वीडियो न करें अपलोड… बकरीद को लेकर मौलाना फरंगी महली की अपील


हाइलाइट्स

इस साल बकरीद 29 जून 2023 को मनाई जायेगी
फरंगी महली ने अपील की है कि सड़कों पर नमाज न पढ़ें

लखनऊ. राजधानी लखनऊ में इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के तत्वाधान में बकरीद की तैयारियों को लेकर एक अहम बैठक ईदगाह कमेटी, जिला प्रशासन, पुलिस कमिश्नरेट और नगर निगम की हुई. जिसमें उलामाक्राम और सम्मानित शहरियों ने शिरकत की. इमाम ईदगाह मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने मीटिंग को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस साल बकरीद 29 जून 2023 को मनाई जायेगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि लोग सड़कों पर नमाज न पढ़ें और कुर्बानी का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड न करें.

उन्होंने कहा कि इस मौके पर मुसलमान बड़ी संख्या में ईदगाह और विभिन्न मस्जिदों में ईद की नमाज अदा करते हैं. इसलिए इस अवसर पर जिला प्रशासन व नगर निगम की जिम्मेदारी है कि इदगाह और तमाम मस्जिदों के आस पास उचित सफाई  कराएं और बिजली व पानी की सप्लाई की व्यवस्था भी रखें. उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा के मुबारक दिनों में शहर का अमन व अमान और सलामती बनाये रखने के लिए उचित व्यवस्था की जाए. उन्होंने कहा कि कुर्बानी के जानवरों की आने जाने में किसी प्रकार की रुकावट न लगाई जाए. कुर्बानी जो कि 29, 30 जून और 1 जुलाई 2023 को की जायेगी, इन दिनों में भी सफाई के विशेष प्रबन्ध सुनिश्चित किये जायें.

मौलाना ने मुसलमानों से यह भी अपील की कि कुर्बानी की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर न डालें. मौलाना फरंगी महली ने कहा कि बकरीद की नमाज अदा करने वालों को ज्यादा से ज्यादा सहूलते पहुंचाई जायें और ईदगाह मैदान व उसके आस पास में सफाई पर खास ध्यान दिया जाए. आवारा जानवरों को नमाज के समय में बन्द रखा जाए और वुजू करने वालों के लिए पानी के टैंकर का इंतजाम किया जाए. उन्होंने कहा कि यह महीना त्यौहारों का महीना है जोकि खुशी का पैगाम लेकर आया है. इस लिए हम सब को चाहिए कि एक दूसरे की खुशी में बराबर से शरीक हों और अपने शहर और प्रदेश की गंगा जमनी तहजीब का सुबूत दें, जिससे कि पूरे देश व दुनिया में यह पैगाम जाए कि इस प्रदेश और देश में सभी धर्मों के मानने वाले मिलजुल कर रहते हैं. उन्होंने अवाम से अपील की कि हर हाल में अमन व शान्ति और भाई चारा कायम रखें। मौलाना ने कहा कि अधिकारियों से मीटिंग में दस दिन पहले यह बात तय हो चुकी है कि लखनऊ में बकरा मण्डी गत वर्ष की तरह इस साल भी जागर्स पार्क, हरदोई-सीतापुर बाईपास पर लगायी जायेगी.

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (क्राइम) आकाश कुलहरी ने कहा कि अमन कायम रखने में प्रशासन के साथ शहरियों की सहायता बहुत अहम होती है. इसलिए हम इस सिलसिले में नागरिकों से भरपूर सहायता करने की अपील करते हैं. उन्होंने कहा कि कुर्बानी के लिए जानवरों के आने जाने में किसी प्रकार की कोई रुकावट नहीं डाली जायगी. डीसीपी वेस्ट राहुल राज ने कहा कि बकरीद के सिलसिले में सेक्युरिटी के अच्छी से अच्छी व्यवस्था की जायेगी और अमन व अमान के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जयेगा.

Tags: Bakrid, Lucknow news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More