
विजय कुमार/नोएडा. रील्स बनाने और उसको वायरल करने का चस्का लोगों में कुछ इस तरह है कि लोग जान को खतरे में डाल रहे हैं. ग्रेटर नोएडा में एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इस वायरल वीडियो में दो युवक ट्रेन के ऊपर खड़े होकर अपने मसल्स दिखाते हुए स्टंटबाजी कर रहे हैं. जबकि ट्रेन के ऊपर से हाईटेंशन लाइन भी जा रही है, लेकिन युवक अपने जान की परवाह किए बगैर स्टंट कर रहे हैं.
दरअसल सोशल मीडिया पर फेमस होने और अपने वीडियो पर लाइक और फॉलोअर बढ़ाने के लिए युवा लगातार तरह-तरह के हडकंडे अपनाते हैं. ऐसा ही एक वीडियो ग्रेटर नोएडा में वायरल हो रहा है. यह वीडियो जारचा थाना क्षेत्र के एनटीपीसी प्लांट के पास का बताया जा रहा है. वीडियो में साफ तौर पर दिख रहा है कि एक मालगाड़ी नहर के ऊपर से गुजर रही है. मालगाड़ी पर दो युवक ट्रेन के डिब्बों के ऊपर खड़े हुए हैं और उन लड़कों के ऊपर हाईटेंशन लाइन भी गुजर रही है. अपनी जान को जोखिम में डालकर दोनों स्टंट कर रहे हैं. यही नहीं, युवक ट्रेन पर खड़े होकर अपने मसल्स दिखा रहे हैं.
पुलिस करेगी कार्रवाई
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है. डीसीपी शाद मिया खान ने बताया कि वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो देखने में एनटीपीसी प्लांट के पास का ही लग रहा है. वीडियो की जांच की जा रही है. इसमें दिख रहे युवकों को पहचान कर उनके खिलाफ उचित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी.
.
FIRST PUBLISHED : June 23, 2023, 09:58 IST






