
पवन कुंवर/हल्द्वानी. हल्द्वानी के अस्पतालों में तापमान बढ़ने के साथ हीट स्ट्रोक, उलटी, बेहोशी, रक्तचाप कम होना के मामले बढ़ने लगे हैं. हल्द्वानी के अस्पतालों में हर रोज इमरजेंसी में पांच से सात मरीज ऐसे आ रहे हैं. जबकि गर्मी से जुड़ी परेशानियों की वजह से ओपीडी में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.
बेस अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर एसएस बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि गर्मियों में अधिक तली-भुनी चीजों को खाने का असर यह होता है कि शरीर इनको पचाने में काफी समय लगाता है. पानी की अधिकांश मात्रा पसीने से जहां निकल जाती है.पानी की कमी पूरी न होने पर सिर दर्द, बदहजमी, पेट दर्द, पैरों में दर्द जैसी शिकायत होने लगती है. उल्टी-दस्त भी शुरू हो जाते हैं. ऐसे में लोगों को चाहिए कि वह गर्मी को देखते हुए अधिक से अधिक पानी पीएं.अधिक चिकनाई युक्त भोजन करने से बचें, सादा व सुपाच्य भोजन करेंगे तो स्वास्थ्य के लिए बेहतर रहेगा.
बुजुर्गों को भी सावधान रहने की जरूरत
डॉक्टर एसएस बिष्ट ने बताया कि गर्मी में बुजुर्गों को भी सावधान रहने की जरूरत है. इस मौसम में किडनी से संबंधित रोगों के उभरने की शिकायत बनती है. गर्मी में किसी व्यक्ति को ठंड के मौसम की तुलना में भूख भी कम लगती है. आंतों में सिकुड़न खत्म हो जाती है. ऐसे में शरीर पूरी तरह क्रियाशील होकर काम करता है और अधिक ऊर्जा की जरूरत पड़ती है। ऐसे में समय खान-पान पर नियंत्रण के साथ ही सादे भोजन जो अधिक वसा युक्त न हों, करना चाहिए.
छोटे बच्चे और बुजुर्गों को समस्या अधिक
बेस अस्पताल की वरिष्ठ डॉक्टर एसएस बिष्ट ने बताया कि अधिकतर मामलों में हीट स्ट्रोक तब होता है. जब आपका शरीर उच्च तापमान में अत्यधिक परिश्रम के कारण ज्यादा गर्म हो जाता है. हालांकि, गर्मी में बिना परिश्रम करने वाले ऐसे लोगों को भी हीट स्ट्रोक हो सकता है. छोटे बच्चों, बुजुर्गों, मधुमेह आदि बीमारियों से पीड़ित रोगियों को इसका खतरा अधिक होता है.
धूप से बचाव है जरूरी
डॉक्टर एसएस बिष्ट ने बताया कि धूप से बचाने के लिए ढीले सूती कपड़े और टोपी पहनें. अगर आप बाहर जाते हैं तो शाम 5 बजे के बाद या 11 बजे से पहले जाएं, यदि आपको दिन में बाहर जाना है तो छांव में ब्रेक जरूर लेते रहें. दिन में कम से कम 8 से 9 लीटर पानी पीना चाहिए. पहले से दिल या किडनी की बीमारी है तो इस बारे में डॉक्टर से बात जरूर कर लें.
.
Tags: Haldwani news, Local18, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : June 22, 2023, 20:21 IST






