दिल्लीवासियों के लिए मंडी हाउस एक बार फिर चर्चित हिंदी नाटकों से गुलजार होने जा रहा है. राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रंगमंडल ‘ग्रीष्मकालीन नाट्य समारोह’ का आयोजन करने जा रहा है. एनएसडी समर थिएटर फेस्टिवल का आयोजन 28 जून से 4 जुलाई तक किया जाएगा. नाटकों का प्रदर्शन एनएसडी परिसर स्थित सभागार में किया जाएगा.
नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, दिल्ली के निदेशक डॉ. रमेश चंद्र गौड़ ने बताया कि राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रेपर्टरी कंपनी लगातार पूरे देशभर के विभिन्न शहरों में नाटकों का मंचन कर रही है. देश के हजारों लोग नाटकों से जुड़ चुके हैं. उन्होंने बताया कि हाल ही में 14 दिन का समर थिएटर फेस्टविल ओडिसा के विभिन्न शहरों में आयोजित किया गया था. ओडिसा में बड़ी संख्या में गांव-देहात के लोग नाटकों का मंचन देखने के लिए दूर-दूर से आए थे.
एनएसडी निदेशक डॉ. गौड़ ने बताया कि ओडिसा की कामयाबी के बाद अब दिल्ली में समर थिएटर फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है. नाट्य समारोह में कुल सात नाटकों का प्रदर्शन किया जाएगा.
Bal Utasv 2023: मन्नू भंडारी, काशीनाथ सिंह और निर्देश निधि की कहानियों का मंचन
डॉ. रमेश चंद्र गौड़ ने बताया कि थिएटर फेस्टिवल के दौरान ‘खूब लड़ी मर्दानी सुभद्रा की जुबानी’, ‘ताजमहल का टेंडर’, ‘अभिज्ञान शाकुंतलम’, ‘माई री मैं का से कहूं’, ‘लैला मजनू’, ‘बायन’ और ‘अंधा युग’ नाटकों का प्रदर्शन किया जाएगा. नाटकों का मंचन एनएसडी के अभिमंच सभागार में शाम 7 बजे से किया जाएगा.

इन नाटकों के लिए टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है. नाटकों के टिकट का मूल्य 50, 100, 200 और 300 रुपये तय किया गया है. टिकटों की बुकिंग बुकमायशो (www.bookmyshow.com) पर जाकर की जा सकती है.
अंबेडकरनगर में भी नाटकों का मंचन
एनएसडी रेपर्टरी अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि रेपर्टरी कंपनी के नाटकों की मांग अब लगातार हो रही है. इस कड़ी में उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर में 24 और 25 जून को दो नाटकों का मंचन किया जाएगा. उन्होंने बताया कि अंबेडकर नगर के सांसद की पहल पर यह आयोजन हो रहा है.
.
Tags: Literature, Literature and Art
FIRST PUBLISHED : June 22, 2023, 19:55 IST






