Goldy Barar threatened Honey Singh: पंजाब के रैपर हनी सिंह को जान से मारने की धमकी देकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बरार लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य है. उसने पंजाबी गायक शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली थी. सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में दायर आरोपपत्र में गोल्डी बरार को मास्टरमाइंड बताया गया है. धमकी मिलने के बाद रैपर हनी सिंह ने दिल्ली पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि गोल्डी बरार उनकी हत्या करना चाहता है. उन्होंने बताया कि गोल्डी बरार ने उन्हें वॉयस नोट भेजकर धमकी दी है.
गोल्डी बरार इससे पहले भी कई फिल्मी सितारों को जान से मारने की धमकी दे चुका है. उसने 2023 में बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को भी जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बाद उनके घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी. अब हनी सिंह को 50 लाख रुपये की रंगदारी के लिए धमकाने के मामले में भी गोल्डी बरार का नाम आया है. हनी सिंह ने दिल्ली पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह जब अमेरिका में थे, तब भी उनके मैनेजर को धमकी भरे कॉल आए थे. अब उन्हें अंतरराष्ट्रीय फोन नंबर्स के जरिये जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने धमकी से जुड़े सभी सबूत पुलिस को सौंप दिए हैं.
कौन है गैंगस्टर गोल्डी बरार?
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बरार कनाडा में बैठे-बैठे हरियाणा और पंजाब में अपराधों को अंजाम देता है. गोल्डी बरार भगोड़े हरविंदर सिंह उर्फ रिंडा और लॉरेंस बिश्नोई का करीबी है. उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है. गोल्डी बरार देश की एजेंसियों के निशाने पर है. वह मूल रूप से मुक्तसर साहिब का रहने वाला है. उसका जन्म 1994 में हुआ था. वह बीए ग्रेजुएट है. बरार के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ मिलकर आए दिन नए-नए कारनामे करता रहता है.
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का साजिशकर्ता था गोल्डी बरार.
सतिंदरजीत कैसे बना गोल्डी?
सतिंदरजीत सिंह के चचेरे भाई गुरलाल बरार की चंडीगढ़ में एक डिस्क के बाहर हत्या कर दी गई थी. गुरलाल बरार लॉरेंस बिश्नोई का करीबी था. बाद में बिश्नोई गैंग ने गुरलाल बरार की हत्या का बदला लेने के लिए युवा कांग्रेस नेता गुरलाल सिंह पहलवान की हत्या कर दी. इस हत्याकांड में सतिंदरजीत सिंह का नाम भी सामने आया. इसके बाद वह स्टूडेंट वीजा पर कनाडा भाग गया. इस मामले में फरीदपुर की एक अदालत ने बरार के खिलाफ ओपन एंडेड गैर जमानती गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया था. भारत से भागने के बाद सतिंदरजीत सिंह ‘ गैंगस्टर गोल्डी बरार’ बन गया और तब से अब तक वह कनाडा में बैठे-बैठे ही भारत में तमाम अपराधों को अंजाम देता है.
ये भी पढ़ें – विज्ञान कहता है, जमाया जा सकता है अल्कोहल, फिर फ्रीजर में क्यों नहीं जमती शराब
अपराध को कैसे देता है अंजाम?
गोल्डी ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश कनाडा में रहते हुए ही रची थी. पुलिस के मुताबिक, गोल्डी अपने टॉरगेट को अंजाम तक पहुंचाने के लिए भारत में हिट स्कवायड बनाता है. इसके बाद तिहाड़ जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के साथ को-ऑर्डिनेट करता है. बता दें कि मूसेवाला हत्याकांड की जांच में एक फोन नंबर तिहाड़ जेल का भी ट्रैक किया गया था. पंजाब के पुलिस महानिदेशक वीके भावरा ने बताया था कि मूसेवाला की हत्या का शिरोमणि अकाली दल के नेता विक्की मिद्दुखेरा की हत्या से संबंध है. गोल्डी बरार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर कहा था कि मूसेवाला की हत्या मिद्दुखेरा की हत्या का बदला लेने के लिए की गई. बता दें कि मिद्दुखेरा की हत्या की जिम्मेदारी बंबीहा गैंग ने ली थी.
ए-प्लस कैटेगरी का अपराधी कैसे बना?
गोल्डी बरार के बारे में कहा जाता है कि उसके एक नहीं, कई चेहरे हैं. दरअसल, वह अपने गैंग का सबसे बड़ा शूटर भी है. वह हर वारदात को अंजाम देने के लिए अपना हुलिया बदल लेता है. बता दें कि पंजाब पुलिस के पास भी गोल्डी बरार की पांच अलग-अलग तस्वीरें हैं. इन सभी में उसका हुलिया एकदम अलग है. गोल्डी बरार को पुलिस ने ए-प्लस कैटगरी के गैंगस्टर्स की सूची में रखा है. वहीं, अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया है. गोल्डी पर एक दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें हत्या, हत्या की कोशिश, आपराधिक साजिश रचने और हथियारों की तस्करी जैसे आरोप शामिल हैं. पंजाब
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का काफी करीबी है गोल्डी बरार.
कहां है गोल्डी का नया ठिकाना?
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि गोल्डी बरार हुलिया के साथ ही अपना ठिकाना भी बदलता रहता है. फिलहाल उसका नया ठिकाना अमेरिका के कैलिफोर्निया की फ्रेस्नो सिटी को बताया जा रहा है. हालांकि, पुलिस उसके असली ठिकाने का पता लगाने में अब तक नाकाम ही रही है. अगर हनी सिंह को धमकाने के मामले में पुलिस को कुछ सुराग मिलते हैं तो दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल गोल्डी बरार की गिरफ्तारी का वारंट जारी कर सकती है. गोल्डी बरार भारत और कनाडा में वांटेड है. पंजाब पुलिस ने इंटरपोल के जरिये उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी कराया हुआ है. कनाडा ने उसे शीर्ष 15 वांछित अपराधियों की सूची में रखा है. साथ ही उस पर डेढ़ करोड़ का इनाम भी रखा है.
.
Tags: Crime News, Death Threats, Gangster Lawrence Vishnoi, Gangsters in Punjab, Punjab news, Salman khan, Yo Yo Honey Singh
FIRST PUBLISHED : June 22, 2023, 19:26 IST






