महाराष्ट्र की राजनीति में फिर मचा बवाल… मुंबई में औरंगजेब को ‘गले लगाते’ उद्धव के पोस्टर लगे, देवेंद्र फडणवीस बरसे, जानें पूरा मामला


रिपोर्ट- सुमेधा कीर्ति

मुंबई: बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात में मुंबई के माहिम इलाके में कुछ ऐसा हुआ जिसने महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मचा दी. इस इलाके में होर्डिंग लगे हुए थे जिसमें महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और वंचित बहुजन अघाड़ी के प्रमुख प्रकाश अंबेडकर को मुगल बादशाह औरंगजेब से गले लगाते हुए दिखाया गया था.

होर्डिंग पर मराठी में एक संदेश भी लिखा था जिसका अनुवाद इस प्रकार किया जा सकता है, ‘प्रकाश अंबेडकर औरंगजेब की धुन पर नाच रहे हैं और उद्धव ठाकरे उनका साथ दे रहे हैं.’ मुंबई पुलिस का कहना है कि हैशटैग ‘औरंगजेब के लिए उद्धव ठाकरे’ वाले यह पोस्टर रात में लगाए गए थे और इसे लेकर अभी तक कोई सूचना नहीं मिली है कि यह किसका काम है. पुलिस अधिकारी का कहना है कि, होर्डिंग हटा दिए गए हैं, और अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है, अगर कानून व्यवस्था बिगड़ती है तो अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी.

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र के मंत्री दीपक केसारकर ने कहा कि, उद्धव ठाकरे का औरंगजेब के प्रति नया प्रेम देखा जा सकता है. जिन लोगों ने हिंदुत्व के साथ समझौता किया, छत्रपति शिवाजी महाराज उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे.

औरंगजेब के साथ उद्धव और अंबेडकर की तस्वीर लगाई क्यों गई
यह पोस्टर, बाबा साहेब अंबेडकर के पोते प्रकाश अंबेडकर के संभाजीनगर (पूर्व में औरंगाबाद) में औरंगजेब की कब्र पर जाकर मुगल बादशाह को पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद हुए बवाल के बाद सामने आए. उनकी यात्रा अहमदनगर और खासकर कोल्हापुर में हुए सांप्रदायिक तनाव के कुछ दिनों बाद हुई थी, दरअसल कुछ मुस्लिम कॉलेज छात्रों ने औरंगजेब पर वॉट्सऐप स्टेटस और ऑडियो संदेश पोस्ट कर दिया था, जिसके बाद हिंदू संगठन भड़क गए थे और हिंसा के मामले सामने आए थे.

ये भी पढ़ें– Maharashtra Politics: दादा की इच्छा हो पूरी… मगर क्या है मजबूरी? अजीत पवार के पद को लेकर कौन लेगा फैसला, सुप्रिया सुले ने बताया

उनकी इस यात्रा के बाद कई लोगों की त्योरियां चढ़ गई थीं. इसके बाद अंबेडकर ने कहा था, ‘औरंगजेब की कब्र पर जाने में बुराई क्या है? वह एक मुगल सम्राट था जिसने करीब 50 सालों तक यहां राज किया. क्या हम इतिहास को मिटा सकते हैं? औरंगजेब को गाली देने की बजाय हमें यह सोचना चाहिए कि उसने यहां राज किया क्यों ‘ क्या वजह थी… हमें अपने अतीत के प्रति सचेत रहना चाहिए. नफरत फैलाने के बजाय, हमें ऐतिहासिक तथ्यों के साथ सामंजस्य बनाने की जरूरत है.’

फडणवीस ने उद्धव ठाकरे को आड़े हाथों लिया
इसके बाद तो जैसे इस मामले ने भाजपा के हाथ में हथियार थमा दिए, भाजपा नेता और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अंबेडकर के सहयोगी उद्धव ठाकरे को भी आड़े हाथों ले लिया. उन्होंने अपने बयान में कहा कि, उद्धव ठाकरे और अंबेडकर का गठबंधन है. वह संभाजीनगर जाते हैं और औरंगजेब की कब्र पर फूल चढ़ाते हैं. मैं ठाकरे साहेब से पूछना चाहता हूं औरंगजेब का यह महिमामंडन क्या महाराष्ट्र और देश को मंजूर है? आगे फडणवीस ने कहा कि कांग्रेस और शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के साथ हाथ मिलाने के बाद से ही उद्धव ने अपने हिंदुत्व को पूरी तरह से त्याग दिया है और उनके सहयोगी जो कुछ भी करते हैं वह सब उन्हें मंजूर है.

Tags: Aurangzeb, BJP, Mumbai, Shiv sena, Uddhav thackeray

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More