
निखिल स्वामी/ बीकानेर. बीकानेर खाने पीने के शौकीनों का शहर है. यहां के लोग खाने पर नए नए प्रयोग कर पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं. ऐसे ही एक व्यक्ति है जो खाने की नई नई डिश बनाने में पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं और कई रिकॉर्ड भी बना चुके हैं. बीकानेर के धर्मेंद्र अग्रवाल ने अब सबसे बड़ा कांजी बड़ा बनाया है. इस बार धर्मेंद्र ने ढाई फीट चौड़ा और पांच किलो वजनी कांजी बड़ा बनाया है . धर्मेंद्र का दावा है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा कांजी बड़ा है.
फास्ट फूड की जगह लोकल फूड को मिले प्राथमिकता
धर्मेंद्र अग्रवाल ने बताया कि कांजी बड़ा बनाने का उद्देश्य है कि लोग मोमोज और चाउमीन न खाकर यह खाए. कांजी बड़ा शरीर के लिए फायदेमंद है. यह पेट की समस्या को ठीक करता है. वे बताते हैं किवे कई दिनों से कांजी बड़ा बनाने की सोच रहे थे, लेकिन फिर उन्होंने कांजी बड़ा बनाना शुरू किया. वे बताते हैं कि तीसरे प्रयास में कांजी बड़ा एकदम सही तरीके से बना. पहली बार में परात के गर्म होने के कारण दाल चिपक गई, फिर दूसरी बार में दाल फेल गई. तीसरी बार में कांजी बड़ा एकदम सही बना. धर्मेंद्र ने बताया कि वे इस कांजी बड़े को लोगों को फ्री में बांट देंगे. यह कांजी बड़ा 10 से 15 दिनों तक खराब नहीं होता है.
दो घंटे में बनाया कांजी बड़ा
धर्मेंद्र ने बताया कि उन्होंने यह कांजी बड़ा दो घंटे में बनाया. इस कांजी बड़े को बनाने में उनके पुत्र लव अग्रवाल ने भी साथ दिया. वे बताते हैं कि कांजी बड़ा बनाने में मोठ मोगर की डेढ़ किलो दाल से बनाया. इसके साथ ही लाल मिर्च, नमक, पान मेथी, अजवाइन भी डाली गई. वहीं कांजी बड़ा का पानी दस किलो बनाया गया. यह पानी, राई और हींग को मिलाकर बनाया गया.
धर्मेंद्र ने बताया कि उन्होंने अब तक 151 तरह गोलगप्पे, 56 तरह के कांजी बड़े, 121 तरह के दही बड़े, 22 किलो कचौरी, 15 किलो का समोसा, 29 किलो के मोमोज, 7 किलो की फिणी आदि बनाए हैं.
.
Tags: Food, Food 18, Hindi news, Local18
FIRST PUBLISHED : June 22, 2023, 15:54 IST






