
अंजलि सिंह राजपूत, लखनऊ. भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर प्रदेश के लोगों को पिछले दो दिनों के दौरान हो रही बारिश और ठंडी हवाओं से काफी हद तक राहत मिली है. लखनऊ मौसम केंद्र के मुताबिक उत्तर प्रदेश में अभी बारिश का दौर जारी रहेगा. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश होगी, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले दो से तीन दिनों के दौरान तेज बारिश होगी. जिससे पूर्वी उत्तर प्रदेश का अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस घट जाएगा.
लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि पिछले दो दिनों के दौरान सबसे अधिक बारिश कन्नौज और मैनपुरी में दर्ज की गई है. बारिश की वजह से कई जिलों में न्यूनतम तापमान अपने सामान से दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है. मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया जो कि सभी जिलों से सबसे कम है.
न्यूनतम तापमान में गिरावट ही दर्ज की जाएगी
लखनऊ में न्यूनतम तापमान बुधवार को 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है. उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल अगले दो से तीन दिनों में पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश की वजह से अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में गिरावट ही दर्ज की जाएगी.
ऐसा रहेगा आपके जिले में मौसम
लखनऊ मौसम केंद्र के मुताबिक कानपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहेगा. इटावा, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर और वाराणसी में अधिकतम तापमान 30 से लेकर 41 डिग्री सेल्सियस के बीच में रहेगा जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से लेकर 30 डिग्री सेल्सियस के बीच में रहेगा.
वहीं प्रयागराज में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है. नोएडा और गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहेगा. अयोध्या, गाजीपुर, बस्ती और झांसी में अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच में रहेगा वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री से लेकर 30 डिग्री रहेगा. शाहजहांपुर, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अलीगढ़ और बुलंदशहर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है जबकि न्यूनतम 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच में रहने का पूर्वानुमान है.
.
Tags: Lucknow news, Monsoon news, UP weather alert, Uttar pradesh news
FIRST PUBLISHED : June 22, 2023, 08:24 IST






