
मंगला तिवारी/मिर्जापुर. उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद के दिव्यांगजन के लिए महत्वपूर्ण खबर है. दिव्यांगजनों की परेशानी को दूर करने के लिए अब जिले में कवायद शुरू हो रही है. यहां के ऐसे लोगों का पहचान कर कृत्रिम अंगों का वितरण किया जाएगा. कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण दिव्यांगजनों को विभाग की ओर से निःशुल्क दिए जाएंगे. लेकिन पहले उनको इसके लिए विभाग में आवेदन करना होगा. जांच में पात्रता के आधार पर उन्हें यह सामग्री मुफ्त सौंपी जाएगी.
मिर्जापुर के जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी राजेश सोनकर ने बताया कि सभी दिव्यांग जनों को नि:शुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. जिन्हें 40 फीसदी या उससे अधिक का दिव्यांगता प्रमाणपत्र है उन्हें ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, वैशाखी, मानसिक दिव्यांग जनों एवं नेत्रहीन बच्चों के लिए किट, स्मार्टफोन, कृत्रिम पैर एवं हाथ आदि देकर उनके जीवन को सहज बनाया जाएगा.
जानिए क्या है आवेदन प्रक्रिया
बता दें, योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए दिव्यांग घर बैठे अपने एंड्राइड मोबाइल, लैपटॉप या फिर नजदीकी किसी भी सहज जनसेवा केंद्र से आवेदन कर सकते हैं. आवेदक को वेबसाइट http://divyangjanup.upsdc.gov.in पर आवेदन करना होगा. साथ ही इस पर पोर्टल पर आवेदन करते समय आवेदक को दिव्यांगता प्रमाण पत्र, रंगीन फोटो, पहचान प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र, तहसील द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र, जाति व निवास प्रमाण पत्र, मोबाइल नंबर व उपकरण के लिए चिकित्सा अधिकारी से संस्तुति का प्रमाण पत्र लगाना होगा.
आवेदक की क्या है शर्ते
मिर्जापुर के जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी राजेश सोनकर ने बताया कि आवेदक को पिछले तीन वर्षों में किसी उपकरण का लाभ नहीं मिला होना चाहिए. आवेदक की दिव्यांगता 40 प्रतिशत से कम न हो. ग्रामीण क्षेत्र के आवेदक के पास में 46,000 रुपये वार्षिक एवं शहरी क्षेत्र में 56,000 रुपये वार्षिक से कम का आय प्रमाण पत्र होना आवश्यक है. उन्होंने बताया कि लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदक को आवेदन के समय मांगे गए सारे रिकार्ड लगाने पड़ेंगे. साथ ही उसकी हार्ड कापी जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी के कार्यालय में या ब्लॉक में जमा करनी होगी.
.
Tags: Local18, Mirzapur news, Uttar Pradesh News Hindi
FIRST PUBLISHED : June 21, 2023, 21:19 IST






