22 जून को ममता-केजरीवाल तो बैठक के दिन ही राहुल गांधी पहुंचेंगे पटना, जानें विपक्ष की मीटिंग का पूरा प्रोग्राम

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना. 23 जून बिहार की सियासत के साथ-साथ देश की सियासत के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. दरअसल इस दिन पटना में नीतीश कुमार के बुलावे पर देश के कई बीजेपी विरोधी दिग्गज नेता पटना पहुंच रहे हैं. इन नेताओं के जुटान से तय होगा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के खिलाफ बनने वाला मोर्चा कौन सा शक्ल लेता है. कार्यक्रम को लेकर तमाम तैयारियां लगभग पूरी हो गई है.

ना सिर्फ प्रशासनिक बल्कि महागठबंधन से जुड़े तमाम राजनीतिक दल भी अपने-अपने बड़े नेता के आने को लेकर तैयारी में दिन रात जुटे हुए हैं. पटना में होने वाली बैठक को लेकर विपक्षी दलों की बैठक में पटना आने वाले नेताओं का शेड्यूल भी तैयार हो गया है. बैठक की तैयारी मुख्यमंत्री भी अपने स्तर से देख रहे हैं, वहीं जदयू भी अपने स्तर से तैयारी कर रहा है. 24 जून तक JDU कार्यालय में आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने के साथ ही सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है.

जो जानकारी मिल रही है, उसके मुताबिक 22 जून को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पटना पहुंच जाएंगी. पटना पहुंचने के बाद वो एयरपोर्ट से सीधा राबड़ी आवास पहुंचकर लालू यादव और उनके परिवार से मुलाकात भी करेंगी. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी 22 जून को ही पटना पहुंच रहे हैं और पटना पहुंचने के बाद दोनों का गुरुद्वारा जाने का कार्यक्रम बनाया गया है.

बैठक में सबसे बड़े चेहरे के तौर पर राहुल गांधी को माना जा रहा है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे 23 को पटना आने के बाद सबसे पहले पार्टी कार्यालय सदाकत आश्रम जायेंगे जिसे लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में ख़ासा उत्साह दिख रहा है. सदाकत आश्रम में पहुंचने के बाद सदाकत आश्रम में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति का लोकार्पण भी करेंगे उसके बाद बैठक में शामिल होंगे. पटना पहुंचने वाले नेताओं के ठहरने की तैयारी भी कर ली गई है.

विपक्षी दलों की बैठक में आने वाले नेताओं के लिए स्टेट गेस्ट हाउस, सर्किट हाउस और होटल चाणक्य में रहने का इंतजाम किया गया है, वहीं बीजेपी विरोधी दलों की बैठक में शामिल नेता एक अणे मार्ग पहुंचेंगे जहां बैठक होगी. बैठक ख़त्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा जिसमें बैठक को लेकर पूरी जानकारी दी जाएगी. खबर ये भी है कि बैठक के बाद इसमें शामिल कई नेता जनता दल यूनाइटेड कार्यालय में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ जा सकते हैं जिसकी वजह से जनता दल यूनाइटेड कार्यालय में 24 जून तक के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, साथ ही आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दिया गया है.

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें