Uttarakhand Monkey Death: आम के बाग में 24 बंदरों की मौत से हड़कंप, ज़हर देकर मारने के आरोप में 9 लोग गिरफ्तार

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वेद प्रकाश/ऊधम सिंह नगर. उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में 24 बंदरों के संदिग्ध हालत में मृत मिलने से हड़कंप मच गया. इन सभी बंदरों को जहर देकर मारने का शक जताया जा रहा है. घटना  आईटीआई थाना क्षेत्र के जैतपुर घोसी की है. स्थानीय लोगों की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जांच के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस टीम आम के बगीचे में पहुंची. जिस जगह पर बंदरों को जमीन में दफनाया गया था, पुलिस ने वहां खुदाई करवा कर बंदरों के शवों को बाहर निकाला और पंचनामा भर कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. पुलिस ने इस मामले में नौ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, काशीपुर विधानसभा के आईटीआई थाना क्षेत्र स्थित जैतपुर घोसी में आम के बगीचे की देख-रेख करने वाले लोगों ने बंदरों को जहर देकर मार दिया और उनके शव को बगीचे में ही दफना दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने आईटीआई थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बगीचे में दफनाए गए बंदरों के शवों को बाहर निकाल कर पंचनामा भर कर पोस्टमॉर्टम के लिए राजकीय पशु चिकित्सालय काशीपुर भेज दिया.

आम के बगीचे में बंदरों को ज़हर देकर मार डाला

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने न्यूज़ 18 लोकल को बताया कि हमें सूचना मिली थी कि आईटीआई थाना क्षेत्र के जैतपुर घोसी में आम के बगीचे की देख-रेख करने वाले ठेकेदार और उसके साथियों ने कई बंदरों को जहर देकर मार दिया है. इसके बाद, आरोपियों ने बंदरों के शवों को आम के पेड़ों के नीचे झाड़ी में दबा दिया. उन्होंने कहा कि मामला संज्ञान में आने के बाद से मैंने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए. जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची.  जांच के बाद खुदाई करा कर बंदरों के शवों को बरामद कर पंचनामा भर कर पोस्टमॉर्टम के लिए राजकीय पशु चिकित्सालय काशीपुर भेज दिया.

एसएसपी ने बताया कि आईटीआई थाना पुलिस ने आरोपी छोटे खां, इमरान, अफजल, अनवर, नदीम, मुबारक, नाजिम, मोहम्मद और इमामुद्दीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है. सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया. आरोपियों का आपराधिक इतिहास संबंधित थाने और जिले में खंगाला जा रहा है. अपराधिक इतिहास सामने आने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Tags: Monkey, Udham Singh Nagar News, Udhamsingh Nagar Crime, Uttarakhand news

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें