खत्म हो रहा ऑक्सीजन, पानी के नीचे से आ रही आवाज ने जगाई उम्मीद, टाइटैनिक के पास जा रहे ‘टाइटन’ की तलाश जारी

बोस्टन. कनाडा के विमान ने अटलांटिक महासागर के एक सुदूर क्षेत्र में टाइटैनिक के मलबे के पास लापता पनडुब्बी ‘सबमर्सिबल’ की तलाश के दौरान पानी के भीतर से आवाज आने का पता लगाया है. अमेरिकी तटरक्षक बल ने यह जानकारी दी. लापता ‘सबमर्सिबल’ में पांच लोग सवार हैं. ये लोग एक सदी से भी अधिक समय पहले डूबे जहाज ‘टाइटैनिक’ के मलबे का दस्तावेजीकरण करने के अभियान पर निकले थे.

अमेरिकी तटरक्षक बल के अनुसार, कनाडा के पी-3 विमान द्वारा आवाज का पता लगाने के बाद खोज अभियान के स्थान में तब्दीली की गई है. बचाव कर्मियों को अभी तक कुछ नहीं मिला, लेकिन तलाश अभियान जारी है. बचाव कर्मी तेजी से अभियान चला रहे हैं क्योंकि जहाज पर बृहस्पतिवार सुबह तक ऑक्सीजन खत्म होने की आशंका है.

‘यूएस एयर मोबिलिटी कमांड’ के एक प्रवक्ता ने बताया कि बफेलो, न्यूयॉर्क, सेंट जॉन्स, न्यूफ़ाउंडलैंड से वाणिज्यिक पनडुब्बी और सहायक उपकरणों को ले जाने में मदद के लिए अमेरिकी सेना के तीन सी-17 परिवहन विमानों को तैनात किया गया है. कनाडा की सेना के अनुसार, उसने एक गश्ती विमान और दो जहाज प्रदान किए, जिनमें से एक गोता लगाने वाली ‘डाइविंग मेडिसिन’ में माहिर है. उसने टाइटन की किसी भी आवाज़ को सुनने के लिए ‘सोनार प्लव’ को भी भेजा.

‘डाइविंग मेडिसिन’ से तात्पर्य पानी के भीतर के वातावरण में प्रवेश करने वाले लोगों के समक्ष पेश होने वाली परेशानियों का दूर करने व चिकित्सकीय मदद मुहैया कराने से है. कार्बन-फाइबर ‘सबमर्सिबल’ का नाम ‘टाइटन’ है, जो ‘ओशनगेट एक्सपेडिशंस’ के एक अभियान का हिस्सा है. इस पर इसके चालक के अलावा, ब्रिटेन के एक प्रसिद्ध साहसी, एक पाकिस्तानी उद्योग घराने के दो सदस्य और एक अन्य यात्री सवार है. हालांकि, समय गुजरने के साथ ही टाइटन के चालक दल के लिए जोखिम भी बढ़ रहा है. ओशनगेट के सलाहकार डेविड कॉनकैनन के अनुसार, रविवार को सुबह 6 बजे जब यह सबमर्सिबल समुद्र में छोड़ा गया तो इसमें 96 घंटे ऑक्सीजन की आपूर्ति थी, जो कि वर्तमान में घटकर सिर्फ 30 घंटे का रह गया है.

टाइटन की खोज करने के अभियान में अमेरिका का कोस्ट गार्ड भी शामिल है. इसके एक कमांडर रियर एडमिरल जॉन माउगर ने कहा, ‘यह एक दूरस्थ क्षेत्र है और उसमें खोज करना एक चुनौती है.’ उन्होंने कहा, “हालांकि हम यह सुनिश्चित करने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों को लगा रहे हैं कि हम लापता ‘सबमर्सिबल’ का पता लगा सकें और उसमें सवार लोगों को बचा सकें.” टाइटन का सहयोग कर रहा एक कनाडाई अनुसंधान ‘आइसब्रेकर’ पोलर प्रिंस का सम्पर्क ‘टाइटन’ के पानी में नीचे उतरने के लगभग एक घंटे 45 मिनट बाद टूट गया.

‘एसोसिएटेड प्रेस’ द्वारा मरीनट्रैफिकडॉटकॉम के शिप-ट्रैकिंग उपग्रह डेटा के विश्लेषण से पता चला कि पोलर प्रिंस मंगलवार सुबह सेंट जॉन्स से लगभग 690 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में था. टाइटैनिक के मलबे वाली जगह पर ओशनगेट के अभियानों में पुरातत्वविद और समुद्री जीवविज्ञानी शामिल हैं. तटरक्षक बल ने सोमवार को कहा कि टाइटन पर एक पायलट और चार ‘मिशन विशेषज्ञ’ सवार थे.

वहीं लंदन से प्राप्त एक खबर के अनुसार नामीबिया से आठ चीतों को भारत लाने में भारत सरकार के साथ सहयोग करने वाले ब्रिटिश व्यवसायी हामिश हार्डिंग उन पांच व्यक्तियों में शामिल हैं, जो अटलांटिक महासागर में उस लापता पर्यटक समर्सिबल पर सवार थे जो टाइटैनिक का मलबा देखने के अभियान पर था और लापता हो गया है. ‘बीबीसी’ ने मंगलवार को बताया कि ब्रिटिश-पाकिस्तानी अरबपति कारोबारी शहजादा दाऊद और उसका बेटा सुलेमान भी इस समर्सिबल में सवार थे.

टाइटैनिक के मलबे को देखने के लिए प्रति व्यक्ति 250,000 अमरीकी डॉलर में आठ दिवसीय अभियान की पेशकश करने वाली कंपनी ‘ओशनगेट एक्पीडिशंस’ ने इसकी पुष्टि की कि सबमर्सिबल टाइटन चालक दल के सदस्यों के साथ समुद्र में गुम हो गया. माना जा रहा है कि कंपनी के मुख्य कार्यकारी स्टॉकटन रश भी सबमर्सिबल पर सवार थे. कंपनी ने एक बयान में कहा कि वह चालक दल को सुरक्षित वापस लाने के लिए सभी विकल्प तलाश रही है और उनका इस्तेमाल कर रही है.

Tags: United States

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More