
विजय राठौड़/ग्वालियर. यदि आपके पास लैपटॉप नहीं है, लेकिन लैपटॉप के माध्यम से अपनी पढ़ाई को बेहतर करना चाहते हैं. तो इसके लिए ग्वालियर की सेंट्रल लाइब्रेरी आपकी मदद करेगी. जी हां, यहां शुरू की जा रही नई सुविधा आपके लिए बेहद लाभकारी साबित होगी. सेंट्रल लाइब्रेरी द्वारा प्रदेश की पहली लैपी लैब सुविधा शुरू की जा रही है. जिसके माध्यम से यहां पढ़ने वाले छात्र लैपटॉप के माध्यम से अपनी पढ़ाई कर सकेंगे और अपने दस्तावेजों को भी सुरक्षित रख सकेंगे. इतना ही नहीं इसके लिए उन्हें अलग से लैब की सुविधा भी दी जा रही है.
शहर की सेंट्रल लाइब्रेरी के मैनेजर विवेक सोनी ने बताया कि प्रदेश की पहली लैपी लैब की सुविधा हमारी लाइब्रेरी में दी जा रही है. जहां युवाओं को पढ़ाई और ऑनलाइन क्लासेस अटेंड करने में सुविधा होगी. तो वहीं दूसरी तरफ वह अपनी तैयारी संबंधी फॉर्म इत्यादि भी भर सकेंगे. इसमें अपने दस्तावेजों को भी रख सकेंगे. और नोट्स इत्यादि भी बनाने में आसानी होगी. इसके लिए 12 कुर्सियों वाली एक लैब तैयार की गई है.
प्रदेश की पहली लैपी लैब लाइब्रेरी, विदेशों से भी मिल रही तारीफ
फिलहाल यह सुविधा 12 लैपटॉप के माध्यम से शुरू की गई है. यह लैपटॉप यहां पढ़ने वाले छात्र छात्राएं अपने कार्ड पर पुस्तक की तरह इश्यू करा सकेंगे और पढ़ाई के बाद वापस जमा करा सकेंगे. फिलहाल इस सुविधा के अनुसार लैपटॉप को लाइब्रेरी के भीतर ही इश्यू किया जाएगा. उन्हें घर ले जाने की अनुमति नहीं होगी. जिसके लिए 1000 रुपए का रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा कराना होगा. जो 1 माह तक रहेगा. इसके साथ ही इंटरनेट वाईफाई जैसी सभी सुविधाओं के लिए उन्हें अलग से कोई चार्ज नहीं देना होगा. प्रबंधक सोनी ने बताया कि इस बात की जानकारी जब उन्होंने अपने लाइब्रेरी व्हाट्सएप ग्रुप्स पर शेयर की. तो इसके लिए उन्हें सभी जगह से बधाइयां तो मिल ही हैं. इसके अलावा विदेशों से जुड़े लोगों ने भी इस सुविधा के लिए लाइब्रेरी की काफी तारीफ की है.
लैपटॉप लाइब्रेरी से बाहर जाते ही बजेगा अलार्म
लैपटॉप की यह सुविधा फिलहाल लाइब्रेरी के भीतर ही मिलेगी. लाइब्रेरी के मैनेजर सोनी ने बताया कि इसके लिए खास मशीन लगाई गई है. जिसके सेंसर लैपटॉप पर भी लगे हुए हैं. यदि कोई छात्र लैपटॉप अपने साथ बाहर ले जाता है तो सेंटर से बाहर जाते ही एक तीव्र अलार्म बजने लगेगा. जिससे सुरक्षा कर्मियों को इसकी जानकारी मिल जाएगी. इतना ही नहीं यह लैपटॉप विशेष रूप से तैयार की गई लैपटॉप डिस्पेंसर मशीन में रखे गए हैं. जोकि केवल उन्हीं छात्रों के द्वारा निकाले जा सकेंगे जिनके कार्ड बने हुए हैं.
.
Tags: Education, Education news, Gwalior news, Library, Local18, Madhya pradesh news
FIRST PUBLISHED : June 21, 2023, 11:08 IST






