
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन दिवसीय दौरे पर अमेरिका पहुंच गए हैं. भारत के पीएम की यह यात्रा कई मामलों में अहम है. मोदी जी बुधवार को योग दिवस के मौके पर न्यूयार्क में यूनाइटेड नेशन के हेडक्वार्टर में आयोजित समारोह का हिस्सा बनेंगे. उनकी अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन के साथ मुलाकात का भी हर किसी को इंतजार है. कई अहम मुद्दों पर दोनों देशों के बीच इस मुलाकात के दौरान बातचीत होना तय है. भारत यूएस के साथ रक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी डील साइन करने जा रहा है.
अमेरिका यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाशिंगटन डीसी में यूएस कांग्रेस के ज्वाइंट सेशन को संबोधित करेंगे. इसके अलावा पीएम की भारतीय बिजनेमैन के साथ मुलाकात भी एजेंडे में हैं. साथ ही प्रधानमंत्री भारतीय मूल के लोगों के साथ संवाद भी इस यात्रा के दौरान करने वाले हैं. पीएम दो दर्जन से ज्यादा गणमान्यों से इस दौरे पर मिलने वाले हैं. बताया जा रहा है कि इस दौरान वो टेस्ला कंपनी के मालिक एलोन मस्क से भी मिलने वाले हैं.
#WATCH | Members of the Indian diaspora chant ‘Modi, Modi’ slogans as they await PM Modi’s arrival in New York pic.twitter.com/tJcTwGdL09
— ANI (@ANI) June 20, 2023
पीएम मोदी के अमेरिका की धरती पर लैंड होने से पहले ही वाइट हाउस नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के प्रवक्ता जॉन किरबे ने कहा, ‘हम भारत को महाशक्ति बनने का समर्थन करते हैं. हम भारत और अमेरिका के बीच रक्षा के क्षेत्र में गहरे संबंधों को सुधारना चाहते हैं. यहां वाइट हाउस में यह एक काफी अहम सप्ताह होने वाला है. यह दौरा भारत और अमेरिका के बीच रिश्तों को और मजबूत करेगा.’ अमेरिका की यात्रा के बाद नरेंद्र मोदी दो दिनों के मिस्त्र दौरे पर भी जाएंगे.






