शानू कुमार/ बरेली. आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नाथ नगरी कॉरिडोर की परिकल्पना ने एक विशाल रूप ले लिया है. बरेली नाथ नगरी के चारों मुख्य प्रवेश द्वार भगवान शिव के नाम पर होंगे जिनकी एक अलग पहचान होगी. बरेली के सभी चार प्रवेश द्वारों का नाम भगवान शिव के नाम पर होगा. सभी के नाम तय करके प्रवेश द्वार पर होने वाले चित्र का लेआउट डिजाइन जारी किया गया है. नाथ नगरी कॉरिडोर के अन्तर्गत सभी सात नाथ मंदिरों की सड़कों को जोड़कर बनाया जा रहा है. वहीं प्रवेश द्वारों की बात करें तो रामपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर और बदायूं रोड पर प्रवेश द्वार बनाये जा रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक रजऊ परसपुर के पास अलखनाथ प्रवेश द्वार, पीलीभीत हाइवे से बरेली में प्रवेश का केदारनाथ प्रवेश द्वार, रामपुर हाइवे पर प्रवेश द्वार को श्रीराम के नाम से अलंकृत किया है और बदायूं रोड पर पशुपतिनाथ प्रवेश द्वार किया गया है. नाथ नगरी कॉरिडोर में भव्यता देने के लिए लगातार मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल सक्रिय हैं. उन्होंने लगातार अलखनाथ, तपेश्वरनाथ, त्रिवटी नाथ, पशुपतिनाथ और वनखंडी नाथ मंदिर का जायजा भी लिया है और चारो प्रवेश द्वार का भी जायजा ले रहीं हैं और पूरी समीक्षा के तहत यह काम कराया जा रहा है.
प्रवेशद्वारों की बरेली की जनता कर रही सराहना
वैसे तो बरेली के लोग अपने शहर की पहचान सुरमा, ज़रीदोजी और झुमके के नाम से बताया करते थे लेकिन अब बरेली के लोग अपने शहर की पहचान नाथ नगरी के नाम से हर जगह बताते हैं. चूंकि यूपी सरकार की तरफ लगातार बरेली विकास के लिए जो कार्य और योजनाएं की जा रही हैं उसकी लोग सराहना कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि अब जब कोई भी चारों हाइवे से बरेली में प्रवेश करेगा तो उसको एक अलग अनुभूति होगी और वो बरेली से लौटने के बाद प्रवेशद्वारों का ज़िक्र हमेशा हर जगह करेगा. चूंकि प्रवेशद्वारों की चित्रकारी एक अलग मन को भा रही है. यही कारण है अब झुमके वाला बरेली पूरे देश मे नाथ नगरी के नाम से प्रसिद्ध हो रहा है.






