
नई दिल्ली. इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया (England vs Australia) के बीच एजबेस्टन के पहले टेस्ट मैच के अंतिम दिन बारिश की बाधा ने क्रिकेटप्रेमियों को देर तक परेशान रखा. बारिश के कारण पांचवें दिन पहले सेशन का खेल धुल गया. दूसरे सेशन में खेल जैसे ही शुरू हुआ, ऑस्ट्रेलिया के ओपनर उस्मान ख्वाजा ने एक अलग तरह का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. एशेज के पहले टेस्ट की पहली पारी में इंग्लैंड ने 393 रन का स्कोर बनाया था जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 386 रन पर समाप्त हुई थी. इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में 273 रन बनाए थे, पहली पारी की 7 रन की बढ़त को मिलाने के बाद इंग्लैंड का स्कोर 280 रन हो गया था और ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 281 रन का टारगेट मिला था. मैच के चौथे दिन की समाप्ति के समय ऑस्ट्रलिया की दूसरी पारी पारी का स्कोर तीन विकेट पर 107 रन था और ख्वाजा 34 व नाइट वाचमैन स्कॉट बोलैंड 13 रन बनाकर क्रीज पर थे.
पहली पारी में अपनी शतकीय पारी (141 रन) के दौरान कई रिकॉर्ड बनाने वाले उस्मान ख्वाजा (Usman Khawaja) ने मंगलवार को क्रीज पर उतरते ही एक अलग तरह का रिकॉर्ड अपने नाम किया. उन्होंने आज अपना नाम टेस्ट क्रिकेट के पांचों दिन बैटिंग करने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल करा दिया. अब तक 12 बैटर्स ने टेस्ट के पांचों दिन बैटिंग करने की उपलब्धि हासिल की थी. पाकिस्तान में जन्मे ख्वाजा का नाम इस फेहरिस्त में 13वें बैटर के रूप में जुड़ गया है.
टेस्ट का पहला दिन: खेल समाप्ति के कुछ ही देर पहले इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी 8 विकेट पर 393 रन बनाकर घोषित की थी और पहले दिन स्टंप्स के समय ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी का स्कोर बिना विकेट खोए 14 रन था. डेविड वॉर्नर 8 और उस्मान ख्वाजा 4 रन बनाकर क्रीज थे.
टेस्ट का दूसरा दिन: स्टंप्स के समय ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी का स्कोर 5 विकेट खोकर 311 रन था और उस्मान ख्वाजा (नाबाद 126) के साथ एलेक्स कैरी (52) क्रीज पर थे.
टेस्ट का तीसरा दिन: मैच के तीसरे दिन उस्मान ख्वाजा 141 रन बनाकर ओली रॉबिन्सन के शिकार बने.ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 386 रन बनाए थे.
टेस्ट का चौथा दिन: इंग्लैंड की दूसरी पारी 273 रनों पर सिमटी और स्टंप्स के समय ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 107 रन था और ख्वाजा (नाबाद 34) के साथ स्कॉट बोलैंड (नाबाद 13)क्रीज पर डटे हुए थे.
टेस्ट का पांचवां दिन: मंगलवार को बैटिंग के लिए उतरते ही उन्होंनें टेस्ट के पांचों दिन बैटिंग का दुर्लभ रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
भारत के एमएस जयसिम्हा बने थे पहले बैटर
ख्वाजा को मिलाकर अब तक 13 बैटर टेस्ट के पांचों दिन बैटिंग करने का रिकॉर्ड बना चुके हैं. भारत के एमएल जयसिम्हा ने सबसे पहले वर्ष 1960 में यह उपलब्धि हासिल की थी. उनके अलावा इंग्लैंड के ज्यॉफ बायकॉट, ऑस्ट्रेलिया के किम ह्यूज, इंग्लैंड के एलेन लैंब, भारत के रवि शास्त्री, वेस्टइंडीज के एड्रियन ग्रिफिथ, इंग्लैंड के एंड्यू फिलंटाफ, साउथ अफ्रीका के अलवीरो पीटरसन, भारत के चेतेश्वर पुजारा, इंग्लैंड के रोरी बर्न्स, वेस्टइंडीज के क्रेग ब्रेथवेट और इसी टीम के तेगनारायण चंद्रपाल शामिल हैं.
.
Tags: Ashes, Cricket, England vs Australia, Usman khawaja
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 20:49 IST






