Jabalpur: महिला आरक्षक से साथियों ने की छेड़छाड़, जूतों से पीटा, पीड़ि‍ता और आरोपी के बीच साली-बहनोई का रिश्‍ता



जबलपुर. मध्‍य प्रदेश के जबलपुर जिले में महिला आरक्षक के साथ सहकर्मी आरक्षकों द्वारा छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है. महिला आरक्षक ने कैंट थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई है. जबलपुर में एक महिला आरक्षक के साथ उनके सहकर्मी आरक्षकों ने अश्लीलता और छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया है. इतना ही नहीं जब महिला आरक्षक ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो आरोपी आरक्षकों ने महिला आरक्षक को जूतों से पीटा.

मारपीट के बाद रोती-बिलखती महिला आरक्षक स्थानीय लोगों की मदद से कैंट पुलिस थाने पहुंची, जहां उन्‍होंने अपनी शिकायत देते हुए कार्रवाई की मांग की है. जिस महिला के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की गई वह सागर जिले में पदस्थ हैं और वीआईपी ड्यूटी के सिलसिले में जबलपुर आई थीं. पुलिस अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों से मारपीट की शिकायत मिली है.

योग दिवस के कार्यक्रम में बुलवाया अतिरिक्त बल
21 जून को आयोजित होने जा रहे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में अन्य जिलों से भी बल बुलवाया गया है, जिसमें कुछ आरक्षकों को सागर से बुलाकर उनकी यहां वीआईपी ड्यूटी लगाई गई है. बताया जा रहा है कि महिला आरक्षक से मारपीट करने वाले आरक्षक सागर से ही वीआईपी ड्यूटी पर जबलपुर आए थे, जिनमें मोहन नाम का एक पुरुष आरक्षक और उसका एक साथी शामिल है.

साली-बहनोई का है रिश्‍ता
आरोपी आरक्षक मोहन और पीड़ित महिला आरक्षक के बीच बहनोई और साली का रिश्‍ता है. दरअसल, मोहन पीड़िता की बहन का देवर है. छेड़छाड़ और मारपीट की यह घटना गैरीसन ग्राउंड में हुई, जहां 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति को आना है. मारपीट के दौरान महिला आरक्षक की वर्दी भी फट गई. महिला आरक्षक ने कैंट थाने के पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने की बजाय मामला दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है.

कार्रवाई की मांग
महिला आरक्षक ने रोते बिलखते हुए कहा कि वो समाज को न्याय दिलाने पुलिस की नौकरी में आई थीं और जब उनके साथ ही ऐसी घटना हुई है तो मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. इधर कैंट थाना टीआई आरके सोनी का कहना है कि उन्हें दोनों पक्षों से मारपीट की शिकायत मिली है, जिसकी जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More