केदारनाथ शिवलिंग पर किन्नर ने उड़ाए थे ₹10 लाख, बोली- ‘जो कमाया, सब बाबा को दे दिया’ video viral transgender blows money on Shivlinga – News18 हिंदी


सोनिया मिश्रा/रुद्रप्रयाग.करोड़ों हिंदुओं की आस्था के धाम केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही विवाद खड़ा हो गया है . दरअसल इस वीडियो में एक महिला केदारनाथ के गर्भगृह में नोट उड़ाती हुई नजर आई थी . वही अंदर पूजा करा रहें तीर्थ पुरोहित उन्हें ऐसा करते देखते रहे. तीर्थ पुरोहित ने महिला को रोकने की कोशिश नहीं की. वीडियो वायरल होने के बाद सवाल उठने लगा कि आखिरकार यह रसूखदार महिला कौन है और यह वीडियो कब का है. न्यूज 18 ने महिला का पता लगाया और जो जानकारी सामने आई, उससे पता चला कि यह महिला नहीं बल्कि एक किन्नर है, जिसका नाम निशा है. कथित तौर पर निशा ने गर्भगृह पर 10 लाख रुपये उड़ाए थे.

न्यूज 18 से बातचीत में निशा ने कहा, “बाबा का आदेश था इसलिए मैंने आजतक जो कमाया, सब बाबा के धाम में दे दिया.” मुझे पता नहीं था कि यह करना गलत है और न ही किसी ने मुझे रोका. मैंने किसी की आस्था से खिलवाड़ नहीं की है. अगर ऐसा है तो मैं माफी मांग लेती हूं.’

सोनप्रयाग कोतवाली में दर्ज हुआ मुकदमा
वहीं इस मामले में रुद्रप्रयाग की एसपी विशाखा अशोक भदाणे ने कहा कि इस वीडियो से हिंदू सनातन धर्म के मानने वालों की भावनाओं को ठेस पहुंची है. देश-विदेश में श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होने संबंधी शिकायत के आधार पर सोनप्रयाग कोतवाली में केस दर्ज कर लिया गया. इसकी जांच की जा रही है. जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी.

श्रद्धालुओं की आस्था के साथ हुआ खिलवाड़
वहीं चारधाम महापंचायत के उपाध्यक्ष और केदारनाथ के तीर्थ पुरोहित संतोष त्रिवेदी ने कहा कि इस तरह के वीडियो सामने आना आस्था के साथ खिलवाड़ है. इस मामले में संबंधित व्यक्ति पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए. मंदिर की परंपरा को बरकरार रखना चाहिए. उन्होंने मंदिर के भीतर फोटो व वीडियोग्राफी पर रोक लगाने की मांग की है.

सोशल मीडिया पर आलोचना का दौर जारी
बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने इस संबंध में रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से बात की. उन्होंने कहा कि समिति ने इस मामले में जल्द जांच पूरी कर कार्रवाई की मांग की है. सोशल मीडिया पर भी वीडियो की आलोचना हो रही है.

Tags: Local18, Rudraprayag news, Uttarakhand news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More