
नई दिल्ली. सोशल मीडिया पर बॉलीवुड सितारों की तस्वीर आए दिन छाई रहती है. फैंस अपने पसंदीदा एक्टर्स के बारे में सबकुछ जानने के लिए काफी उत्साहित रहते हैं. लेकिन आज हम आपके लिए बॉलीवुड के नहीं बल्कि म्यूजिक इंडस्ट्री के दो ऐसे सितारों की तस्वीर लाए हैं जिसे आप भी पहली नजर में पहचान नहीं पाएंगे. ये फोटो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है. इस फोटो में नजर आ रही इन दोनों बच्चियों ने सालों तक म्यूजिक इंडस्ट्री पर राज किया और देश ही नहीं बल्कि दुनिया भी इनकी जादुई आवाज की दीवानी है. तो चलिए देखते हैं क्या आप पहचान सकते हैं इन बहनों को-
ये तस्वीर सालों पुरानी है तो पहली नजर में पहचान पाना तो काफी मुश्किल है. तो चलिए आपकी कुछ मदद कर देते हैं, आपको कुछ हिंट्स दे देते हैं. इस फोटो में दिख रही इन दोनों बहनों ने सालों तक म्यूजिक इंडस्ट्री पर राज किया. बड़ी बहन ने तो 12- 13 साल की उम्र से ही गाना शुरू कर दिया था. उन्होंने छत्तीस भारतीय भाषाओं और कई विदेशी भाषाओं में गाना रिकॉर्ड किया था.
इस मशहूर गायिका के नाम कई रिकॉर्ड और कई पुरस्कार हैं. उन्हें सम्मान से लोग ‘ भारत की स्वर कोकिला’ और ‘क्वीन ऑफ मेलोडी’ के नाम से भी जानते थे. अब तो आप समझ ही गए होंगे कि इस फोटो में नजर आ रही ये बड़ी बच्ची कोई और नहीं बल्कि लता मंगेशकर हैं और उनके साथ उनकी छोटी बहन आशा भोसले हैं.
पिछले साल छोड़ गईं दुनिया-
‘स्वर कोकिला’ को म्यूजिक इंडस्ट्री में उनके अतुलनीय योगदान के लिए कई पुरस्कारों और टाइटल से सम्मानित किया गया था. लता मंगेशकर उन चंद लोगों में शामिल थीं जिन्हें पद्मभूषण, पद्मविभूषण और भारत रत्न से नवाजा गया था. पिछले साल फरवरी में इस दिग्गज गायिका ने दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया था.
आज भी कायम है आशा भोसले का जादू-
लता मंगेशकर की छोटी बहन आशा भोसले को भी साल 2008 में पद्मविभूषण से नवाजा गया था. आशा भोसले ने अपने 8 दशक के लंबे करियर के दौरान कई फिल्मों के गानों को अपनी आवाज दी है. उन्होंने अपनी बहन लता मंगेशकर के साथ भी कई गाने गाए हैं. उनकी मदहोश कर देने वाली आवाज का जादू आज भी कायम है.
.
Tags: Entertainment Special, Lata Mangeshkar
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 17:00 IST






