
आदित्य आनंद/गोड्डा. गोड्डा के बोआरीजोर में बस की टक्कर से बाइक सवार पिता व दो बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मां का गंभीर हालत में अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना दोपहर करीब 1.30 बजे की है. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्मट के लिए भेज दिया और बस को जब्त कर थाने ले गई.
मृतकों की पहचान गोड्डा के आसनबनी निवासी मो. जफर, उसकी 8 वर्षीय बेटी रुकैया खातून व 6 वर्षीय बेटी सुमैया खातून के रूप हुई है. वहीं, जफर की पत्नी गुलजन गंभीर रूप से घायल हैं. घायल को बोआरीजोर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. जानकारी के अनुसार पूरा परिवार रिश्तेदार से मिलकर आसनबनी स्थित अपने घर लौट रहा था. उसी दौरान हादसे का शिकार हो गया.
स्कूल बस का फट गया टायर
बताया जा रहा है कि एक निजी स्कूल बस छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने के लिए जा रही थी. उसी दौरान बस के आगे का टायर ब्लास्ट कर गया और बस अनियंत्रित होकर आगे-आगे जा रही बाइक को रौंदते हुए सड़क से नीचे खेत में उतर गई. हालांकि हादसे में बस सवार बच्चे बाल-बाल बच गए. बस में करीब 20 से 25 बच्चे सवार थे.
मामला दर्ज, बस जब्त
बोआरीजोर थाना प्रभारी तपन कुमार पानीगिरी ने बताया कि मामले में मृतक मो. जफर के छोटे भाई मुमताज अंसारी के लिखित आवेदन पर कांड दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. घटना स्थल से बस को जब्त कर थाने ले आए हैं. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
.
Tags: Godda news, Jharkhand news, Local18, School bus accident
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 22:13 IST






