
हाइलाइट्स
दिल्ली-मुंबई का 20 से 22 घंटे का सफर केवल 12 घंटे में पूरा हो सकेगा
इस एक्सप्रेस-वे में हर साल 32 करोड़ लीटर से अधिक डीजल-पेट्रोल की बचत होगी
नई दिल्ली. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का अहमदाबाद से भरुच तक का हिस्सा इस वर्ष दिसंबर तक शुरू हो जाएगा. इसके बाद सूरत से वलासाड तक का हिस्सा अगले वर्ष जून तक तैयार हो जाएगा. पूरी एक्सप्रेसवे तैयार होने का समय दिसंबर 2024 रखा है, लेकिन केन्द्र सरकार लोगों की सुविधा के लिए जितना हिस्सा तैयार होता जा रहा है, उतना खोलती जा रही है. इस एक्सप्रेसवे के माध्यम देश की राजधानी दिल्ली और आर्थिक राजधानी मुंबई को बेहतर सड़क मार्ग से जोड़ दिया जाएगा, जिससे दिल्ली-मुंबई का 20 से 22 घंटे का सफर केवल 12 घंटे में पूरा हो सकेगा.
दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे हरियाणा, गुरुग्राम से शुरू होकर मेवात, जयपुर कोटा, भोपाल,अहमदाबाद होते हुए मुंबई जाएगा. इस तरह एक्सप्रेस वे से लोग अपने निजी वाहनों से आसानी से जा सकेंगे. इससे न केवल उनका समय बचेगा, बल्कि लोगों की ट्रेनों और फ्लाइट पर से निर्भरता भी कम होगी. पूर्व में सोहना से दौसा तक 210 किलोमीटर एक्सप्रेसवे जनता के लिए खोला गया है. इसी तरह दिसंबर तक इस एक्सप्रेस के अहमदाबाद से भरुच तक का 190 किमी हिस्सा को शुरू कर दिया जाएगा, जबकि जून 2024 तक भरुच सूरत वलसाड हिस्से को जनता के लिए खोल दिया जाएगा.
एक हिस्से में इलेक्ट्रिक हाईवे बनेगा
इस एक्सप्रेस-वे के एक हिस्से को ई-हाईवे (इलेक्ट्रिक हाईवे) के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां ट्रक और बसें 120 किमी प्रतिघंटे की गति से चलेंगे, जिससे लॉजिस्टिक लागत में 70 फीसदी की कमी आएगी. पूरे एक्सप्रेस-वे को पर्यावरण और अर्थव्यवस्था को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है. इस एक्सप्रेस-वे में हर साल 32 करोड़ लीटर से अधिक डीजल-पेट्रोल की बचत होगी. जिससे करीब 85 करोड़ किलोग्राम कार्बन डाईआक्साइड के उत्सर्जन में कमी आएगी.
दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक नजर
दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे (Delhi Mumbai Expressway) हरियाणा, गुरुग्राम के राजीव चौक से शुरू होकर मेवात, जयपुर कोटा, भोपाल,अहमदाबाद होते हुए मुंबई जाएगा. एक्सप्रेसवे 1350 किमी लंबा होगा. नेशलन हाईवे अथारिटी आफ इंडिया (National Highway Authority of India) के अनुसार एक्सप्रेसवे को इस तरह डिजाइन किया जा है कि जरूरत पड़ने पर आसानी से इसे 8 लेन से 12 लेन का किया जा सके. इससे दिल्ली मुंबई के बीच की दूरी 220 किमी कम हो जाएगी. इसके अलावा 1350 किमी का यह एक्सप्रेस वे 20 किमी रिजर्व फारेस्ट से जाएगा.
.
Tags: Ahmedabad News, Delhi-Mumbai Expressway, Gujarat news
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 20:58 IST






