
कृष्ण बाली/अंबाला: हुनर किसी भी उम्र का मोहताज नहीं होता. ये कहावत अंबाला की चिनेशा जैन पर बिल्कुल सही बैठती है, जिसने छोटी सी उम्र में अपने हुनर से सबको दीवाना बना दिया है. ऑल इंडिया आर्टिस्ट एसोसिएशन की ओर से शिमला में आयोजित 68वें राष्ट्रीय ड्रामा एवं डांस कंपटीशन में अंबाला की चिनेशा जैन ने लगातार तीसरी बार प्रथम स्थान हासिल कर नाम रोशन किया है.
चिनेशा ने 20 राज्यों के लोक नृत्यों के करीब 400 प्रतिभागियों के बीच पंजाबी लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया. पांच साल की उम्र में शौकिया डांस करते देखकर चिनेशा के पैरेंट्स ने उसे डांस स्कूल में एडमिशन दिलाया और देखते ही देखते चिनेशा ने लगातार तीन बार राष्ट्रीय ड्रामा एवं डांस कंपटीशन में जीत हासिल की. शिमला में हुई इस प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि प्रस्तुति के दौरान जब चिनेशा ने ढोल बजाते हुए नृत्य किया तो कार्यक्रम में मौजूद मुंबई फिल्म इंडस्ट्री से आए जज भी नाचने लगे. प्रस्तुति खत्म होने पर चिनेशा को दोबारा ढोल बजाने को कहा गया और सभी भांगड़ा करने लगे.
गृहमंत्री ने की तारीफ
वहीं चिनेशा को उसकी इस उपलब्धि पर हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने आशीर्वाद दिया और उनका हौसला बढ़ाया। चिनेशा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरु अनिल महंत बिट्टू और अपने माता-पिता को दिया. चिनेशा ने कहा कि वह बड़ी होकर कोरियोग्राफर बनना चाहती है. गृहमंत्री अनिल विज की तारीफ के बाद चिनेशा ने उनका धन्यवाद किया. चिनेशा का मानना है कि ये तो शुरुआत है, अभी लंबा सफर तय करना है. कड़ी मेहनत कर खूब नाम कमाना है.
.
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 18:36 IST






