
वॉशिंगटन/ह्यूस्टन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राजकीय यात्रा को लेकर भारतीय-अमेरिकियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. पीएम मोदी की यात्रा से कुछ दिन पहले सैकड़ों भारतवंशी देश के 20 शहरों में प्रमुख स्थानों पर एकत्र हुए और उन्होंने उनके स्वागत में मार्च निकाले.
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 21 से 24 जून को अमेरिका की यात्रा पर रहेंगे. बाइडन और उनकी पत्नी 22 जून को प्रधानमंत्री मोदी के लिए राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी 22 जून को कांग्रेस के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे.
बेसब्री से कर रहे इंतजार
प्रधानमंत्री मोदी वॉशिंगटन के प्रतिष्ठित ‘रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग एंड इंटरनेशनल ट्रेड सेंटर’ में 23 जून को आयोजित कार्यक्रम में भारतीय-प्रवासियों को संबोधित करेंगे. वॉशिंगटन डीसी और उसके आस-पास के इलाकों से सैकड़ों भारतीय-अमेरिकियों ने रविवार को ‘नेशनल मोन्यूमेंट’ के निकट एकत्र होकर एकता का संदेश दिया और कहा कि वे शहर में प्रधानमंत्री के आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
जुलूस निकाला, डांस भी किया
‘मोदी-मोदी’ और भारत-अमेरिका दोस्ती के नारे लगाते हुए भारतीय-अमेरिकियों ने ऐतिहासिक लिंकन मेमोरियल की ओर एक घंटे से अधिक समय तक जुलूस निकाला. इस दौरान कुछ लोगों ने नृत्य भी किया. ह्यूस्टन में समुदाय के सदस्य शुगरलैंड मेमोरियल पार्क में एकत्र हुए. उन्होंने इस दौरान तिरंगा भी थाम रखा था. इस दौरान बोस्टन, शिकागो, अटलांटा, मियामी, टाम्पा, डलास, लॉस एंजिलिस, सैक्रामेंटो, सैन फ्रांसिस्को, कोलंबस और सेंट लुइस में भी लोग एकत्र हुए. इसी तरह के दृश्य अमेरिका के कई प्रतिष्ठित स्थानों जैसे न्यूयॉर्क में टाइम्स स्क्वायर और सैन फ्रांसिस्को में गोल्डन गेट ब्रिज पर भी दिखाई दिए.
भारत के महावाणिज्यदूत ने कहा- उत्साहित हैं
ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्यदूत असीम महाजन ने कहा, ‘भारतीय अमेरिकी समुदाय के साथ ही ऊर्जा, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं आईटी जैसे विभिन्न उद्योगों से जुड़े प्रमुख व्यापारिक हितधारक प्रधानमंत्री मोदी की ऐतिहासिक यात्रा को लेकर वास्तव में उत्साहित और आशावादी हैं.’ महाजन ने कहा, ‘हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में पूरे देश से निर्वाचित अधिकारियों, प्रमुख व्यावसायिक घरानों और अन्य भारतीय-अमेरिकी संगठनों से प्रति दिन बड़ी संख्या में संदेश मिल रहे हैं, जो सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे हैं.’
टिकटों को लेकर मारा-मारी
विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजकों ने कहा कि 20 शहरों से आ रहे ये दृश्य तथा वॉशिंगटन डीसी व न्यूयॉर्क में प्रधानमंत्री मोदी के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए टिकट को लेकर मच रही मारा-मारी देश में उनकी लोकप्रियता को दर्शाती है. परमार्थ कार्य करने वाले एवं ‘इंडियास्पोरा’ के संस्थापक एम. आर. रंगास्वामी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘यह मोदी का जादू है.’
मोदी के स्वागत में बृहस्पतिवार को व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में आयोजित समारोह में कई हजार भारतीय-अमेरिकियों के शामिल होने की उम्मीद है, जहां राष्ट्रपति बाइडन तथा प्रथम महिला डॉ. जिल बाइडन उनका स्वागत करेंगे.
मेहमानों की सूची अभी जारी नहीं हुई
अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र में मोदी का संबोधन सुनने के लिए बड़ी संख्या में भारतीय-अमेरिकी अब भी टिकट की तलाश में हैं. वहीं सांसदों को यह तय करने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है कि आगंतुक दीर्घा से, प्रधानमंत्री के भाषण को सुनने के लिए वे अपना एक टिकट किसे दें. अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस के लॉन में आयोजित होने वाले राजकीय रात्रिभोज में आमंत्रित मेहमानों की सूची अभी जारी नहीं की गई है. प्रथम महिला के कार्यालय ने राजकीय रात्रिभोज से संबंधित कोई सूचना जारी नहीं की है. हालांकि, कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रधानमंत्री के सम्मान में आयोजित भोज में करीब 400 लोग शामिल होंगे.
भारतीय-अमेरिकी सांसद एमी बेरा, राजा कृष्णमूर्ति, प्रमिला जयपाल, रो खन्ना तथा श्री थानेदार के अलावा माइक्रोसॉफ्ट के सत्या नडेला, गूगल के सुंदर पिचाई और फेडएक्स के राज सुब्रमण्यम सहित कुछ शीर्ष भारतीय-अमेरिकी मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) को राजकीय रात्रिभोज में आमंत्रित किए जाने की उम्मीद है.
.
Tags: America News, Joe Biden, MP Narendra Modi
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 18:06 IST






