
प्रदीप धनखड़/बहादुरगढ़: हरियाणा सरकार एक बड़ी सौगात देने जा रही है. दिल्ली-रोहतक रेलवे लाइन पर करीब 1000 करोड़ रुपए की लागत से एलिवेटेड रेल कॉरिडोर बनाने को मंजूरी दी गई है. सीएम मनोहर लाल खट्टर ने इस बार के बजट के दौरान यहां एलिवेटेड रेल कॉरिडोर बनाने की घोषणा की थी. बहादुरगढ़ में दिल्ली- रोहतक रेल लाइन पर स्थित टिकरी बॉर्डर से आसौदा रेलवे स्टेशन तक यह एलिवेटेड रेल कॉरिडोर बनाया जाएगा.
दरअसल, दिल्ली-रोहतक रेल मार्ग पर बहादुरगढ़ जीआरपी थाने के मुताबिक हर साल 100 से ज्यादा लोगों की जानें जाती हैं. रेलवे ट्रैक क्रॉस करने के चक्कर में यहां हादसे हुए हैं. क्योंकि बहादुरगढ़ से होकर गुजरने वाली रेलवे लाइन शहर को दो हिस्सों में बांटती है. शहर की आधी से ज्यादा आबादी रेलवे लाइन के उस पार रहती है. इन लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए शहर आना होता है और जल्दबाजी में लोग रेलवे लाइन पैदल क्रॉस करते हैं.
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की थी घोषणा
अब मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की घोषणा को अमलीजामा पहनाने की कवायद शुरू होने जा रही है. जल्द ही हरियाणा सरकार और रेलवे के अधिकारी यहां का दौरा करेंगे और मौजूदा स्थिति के विश्लेषण के बाद रेल कॉरिडोर के स्वरूप को डिजाइन किया जाएगा. एलिवेटेड रेल कॉरिडोर बनने से लाइन पार क्षेत्र और शहर का जुड़ाव सीधा हो जाएगा. रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से भी मुक्ति मिल जाएगी. इतना ही नहीं जो अंडरपास बनाया गया है, उसमें भी बरसात के समय पानी भर जाता है. भविष्य में होने वाले हादसों पर भी रोक लग सकेगी.
.
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 16:07 IST






