
हाइलाइट्स
देर रात कर जागना सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक होता है.
रात को जल्दी सोना और सुबह जल्दी उठना फायदेमंद होता है.
Why ‘Night owls’ Die Sooner: आज के जमाने में बड़ी संख्या में लोग रातभर जागते रहते हैं. ऐसे लोगों को नाइट आउल कहा जाता है. रात में जागना सेहत के लिए नुकसानदायक माना जाता है. इससे हमारी स्लीप साइकल खराब हो जाती है और कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. अब तक इस बारे में कई स्टडी भी सामने आ चुकी हैं, जिनमें रात में जागने के खतरों के बारे में बताया गया है. अब फिनलैंड के शोधकर्ताओं ने एक स्टडी में दावा किया है कि रात को जागने वाले लोगों को मौत का खतरा अन्य लोगों को अपेक्षा ज्यादा होता है. रिसर्च करने वाले रिसर्चर्स ने इसकी वजह का भी खुलासा किया है. इस रिसर्च के बारे में विस्तार से जान लेते हैं.
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार फिनलैंड में हुई एक हालिया स्टडी में खुलासा हुआ है कि रातभर जागने वाले लोगों (Night owls) को अन्य लोगों की तुलना में मौत का खतरा ज्यादा होता है. विशेषज्ञों का मानना है कि उन्हें इसका कारण मिल गया है: रात में जागने वाले लोग जल्दी उठने वाले लोगों की तुलना में स्मोकिंग और शराब का सेवन ज्यादा करते हैं. इससे उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ता है और कम उम्र में मौत का खतरा बढ़ जाता है. शोधकर्ताओं ने लगभग 23,000 लोगों का 1981 से 2018 तक डाटा इकट्ठा किया था. इसके बाद 8728 लोगों की मौत के रिकॉर्ड का विश्लेषण किया. स्टडी के रिजल्ट में पता चला कि जल्दी सोने-उठने वाले लोगों की तुलना में रातभर जागने वाले लोगों में मौत की संभावना 9% अधिक है.
हेलसिंकी में फिनिश इंस्टीट्यूट ऑफ ऑक्यूपेशनल हेल्थ की तरफ से यह स्टडी की गई. इसके लेखक क्रिस्टर हब्लिन के अनुसार रातभर जागने वाले लोगों को मौत का खतरा स्मोकिंग, तंबाकू और शराब की बड़ी खपत के कारण ज्यादा होता है. खास बात यह है कि जो लोग रातभर जागते हैं, लेकिन शराब या सिगरेट नहीं पीते, उन्हें मौत का खतरा नहीं होता है. रात में जागने का असर मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है. ऐसा करने से मेंटल हेल्थ बिगड़ सकती है. साल 2019 के एक अध्ययन में पाया गया कि जो महिलाएं सुबह जल्दी नहीं उठती हैं, उनमें सुबह जल्दी उठने वाली महिलाओं की तुलना में स्तन कैंसर विकसित होने का जोखिम ज्यादा है. रात में अधिकतर लोग मोबाइल फोन और लैपटॉप पर ज्यादा वक्त बिताते हैं, जो सेहत के लिए नुकसानदायक है.
ये भी पढ़ें- रोज 4 सप्ताह तक खाएं यह फल, कोलेस्ट्रॉल लेवल 40 प्रतिशत तक हो सकता है कम, रिसर्च में सामने आई चौंकाने वाली बात
.
Tags: Health, Lifestyle, Trending news
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 12:07 IST






