
हाइलाइट्स
चौहटन थाना इलाके में हुई वारदात
पीड़ित ने जोधपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
पुलिस ने सभी आरोपियों को राउंडअप कर लिया है
बाड़मेर. पश्चिमी राजस्थान में स्थित बाड़मेर जिले में बिपरजॉय तूफान की तबाही के बीच एक और बड़ी वारदात सामने आई है. बाड़मेर (Barmer) एक बार फिर एक दलित को मारपीट कर मौत के घाट उतार (Dalit youth murder) दिया गया. मारपीट के शिकार हुए दलित युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. उसके बाद दलित समाज में आक्रोश फैल गया. आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सात सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. पुलिस प्रशासन और चौहटन विधायक के साथ हुई वार्ता के बाद परिजन शव लेने के लिए सहमत हो गए. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है.
बाड़मेर पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद ने बताया कि दलित युवक की हत्या की वारदात जिले के चौहटन थाना इलाके के सनाऊ गांव में हुई है. वहां शनिवार को दलित युवक पर पेमाराम पर जानलेवा हमला कर दिया गया था. वारदात के समय पेमाराम अपने घर से पड़ोसी गुमनाराम से मिलने के लिए जा रहा था. उस दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे चार लोगों ने उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया. पेमाराम के साथ बेरहमी से मारपीट की गई. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था.
जोधपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
बाद में पेमाराम को परिजनों ने बाड़मेर मेडिकल कॉलेज के जिला अस्पताल इलाज के लिए भर्ती करवाया. वहां पेमाराम की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद उपचार के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया. जोधपुर में इलाज के दौरान पेमाराम की रविवार को मौत हो गई. मौत की सूचना मिलने के बाद चौहटन थाना पुलिस जोधपुर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया. मृतक के पिता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
राजस्थान: बाड़मेर में जानलेवा हुआ बिपरजॉय तूफान, जलभराव में डूबने से 4 बच्चों की मौत, 1 शख्स लापता
परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैला
पेमाराम की मौत की सूचना के बाद उसके परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. उन्होंने शव लेने से इनकार कर दिया और सात सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन करने लग गए. इसके बाद पुलिस प्रशासन और चौहटन के कांग्रेस विधायक पदमाराम मेघवाल के साथ हुई वार्ता के बाद परिजन शव उठाने के लिए सहमत हो गए. पुलिस अधीक्षक ने बताया की मामले में नामजद आरोपियों को राउंडउप कर लिया गया है. परिजनों मांगों के अनुरूप सभी आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है. इस मामले में IPC धारा 302 सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
.
Tags: Barmer news, Crime News, Murder case, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 12:04 IST






