
हाइलाइट्स
दौसा शहर में हुई वारदात
चोरों ने घर का पूरा सामान बिखेरा
पुलिस पहुंची तो बंद मकान में गैस जलती हुई मिली
दौसा. राजस्थान के दौसा (Dausa) जिले से बड़ी खबर सामने आई है. यहां एक जज के मकान में चोरों ने पहले चोरी की वारदात को अंजाम दिया. उसके बाद मकान को आग के हवाले कर दिया. इस पूरे मामले में दौसा न्यायालय के नाजिर ने सदर थाने में चोरी और मकान में आग लगाने का मुकदमा दर्ज कराया है. बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. आरोपियों को अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है. पुलिस ने उनकी तलाश में जुटी है. न्यायाधीश का यह आवास जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के आवास के बिल्कुल पास में स्थित है.
पुलिस के अनुसार शनिवार शाम करीब साढ़े 6 बजे दौसा के सिविल लाइन में स्थित न्यायधीश प्रेमलता सैनी के मकान से धुंआ निकलता दिखाई दिया. उसके बाद आसपास इवनिंग वॉक कर रहे न्यायिक कर्मचारियों के साथ-साथ पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी कर्मचारी भी वहां दौड़े. न्यायधीश प्रेमलता सैनी किसी कार्य से अलवर गई हुई थीं. कर्मचारियों ने न्यायाधीश प्रेमलता सैनी से फोन पर बात करने के बाद मकान के गेट का ताला तोड़ा.
पिछले हिस्से के गेट की कुंदी खुली हुई थी
उसके बाद देखा तो वहां बेडरूम में आग लगी हुई थी. वहां के हालात देखकर पुलिस और अन्य कर्मचारी हक्के-बक्के रह गए. वहां कपड़े इधर-उधर फैले हुए थे. अलमारी का गेट खुला हुआ था और तिजोरी का ताला भी टूटा हुआ था. इतना ही नहीं किचिन में गैस भी चालू थी. कर्मचारियों ने देखा कि सरकारी आवास के पिछले हिस्से के गेट की कुंदी खुली हुई थी.
दमकल बुलाकर आग पर काबू पाया गया
घटना के बाद मौके पर दमकल बुलाकर आग पर काबू पाया गया. उसके बाद जिला न्यायालय के नाजिर ने सदर थाने में जज के मकान में चोरी और बाद में उसे आग के हवाले करने की धाराओं में केस दर्ज कराया है. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. लेकिन यह मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है. शहर सिविल लाइन जैसे इलाके में इस तरह की वारदात होने लोग सकते में हैं.
.
Tags: Crime News, Dausa news, Rajasthan news, Theft
FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 17:42 IST






